आगरालीक्स…आगरा कॉलेज के गेट पर उच्च शिक्षा मंत्री की गाड़ी को एंट्री न देने और उनके वापस लौटने के मामले में अब उच्च शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया है. जानिए क्यों गेट से लौट गए उच्च शिक्षा मंत्री….
शनिवार को आगरा कॉलेज के चित्रकला विभाग द्वारा प्रदर्शनी आयोजित की गई थी, मुख्य अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के लिए काफिले के साथ पहुंचे। आगरा कॉलेज के गेट पर उनकी गाड़ी पहुंची, गेट बंद था, गार्ड से गेट खोलने के लिए कहा। लेकिन गार्ड ने गेट नहीं खोला, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के साथ पहुंचे लोगों ने गार्ड से गेट खोलने के लिए कहा लेकिन उसने गेट नहीं खोला। करीब 10 मिनट तक उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय गाड़ी में बैठे रहे।
![](https://agraleaks.com/wp-content/uploads/2022/06/agraleaks-patti-copy.jpg)
गेट से ही लौट गए उच्च शिक्षा मंत्री
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 10 मिनट तक इंतजार करने के बाद भी आगरा कॉलेज का मुख्य गेट नहीं खुला तो उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय गेट से ही लौट गए। उनके जाने के बाद कॉलेज प्रशासन को जानकारी हुई।
ये है कॉलेज प्रशासन का कहना
इस मामले में आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग शुक्ला का मीडिया से कहना है कि मैं छुटटी पर हूं, उन्हें भी इस बारे में जानकारी मिली है। कॉलेज में पूछा गया, इस पर उन्हें बताया गया है कि परीक्षा छूटी थी और उसके बाद दूसरी परीक्षा के लिए छात्र आ रहे थे, गेट पर भीड़ अधिक थी। रविवार को एक परीक्षा भी होनी है, इसकी भी बैठक थी, इसके चलते असुविधा हुई है, इसकी जांच कराई जाएगी।
छात्रों को असुविधा न हो, इसलिए लौट गए
इस मामले में अब कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने स्पष्ट किया है. उनका मीडिया से कहना है कि उनके पास लगातार कई अन्य कार्यक्रम लगे हुए थे. इन सबके बीच वह आज आगरा कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे तो एक गेट पर ताला लगा हुआ था जबकि दूसरे गेट पर वाहन खड़े हुए थे. यहां पर छात्रों की भी भीड़ अधिक थी. उनके पहुंचने से छात्रों को असुविधा हो सकती थी इसलिए छात्रों को कोई परेशानी न हो इसलिए वे यहां से दूसरे कार्यक्रम के लिए चले गए.