आगरालीक्स…हिन्दी हमारे जीवन का हिस्सा. हिंदी को जानें और अपनाएं युवा. सेंट पीटर्स में हुआ हिंदी भाषोत्सव
हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है और हमें इसके बारे में जानना चाहिए। युवा आगे बढ़कर हिंदी को अपनाएं और इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। इसमें उनकी और देश की उन्नति है। ओसवाल बुक्स के मैनेजिंग डायरेक्टर नरेश जैन ने यह बात कही। वह सेंट पीटर्स कॉलेज, आगरा द्वारा आयोजित हिंदी भाषोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए थे।
सेंट पीटर्स कॉलेज, आगरा से प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद प्रकाशन उद्योग में स्थापित नाम बने नरेश जैन ने हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लक्ष्य के साथ आयोजित कार्यक्रम के लिए विद्यालय प्रबंधन की सराहना की। युवाओं को हिंदी के लिए प्रेरित करने की दिशा में प्रयासों के लिए उन्होंने प्रधानाचार्य फादर भास्कर जेसुराज का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं। युवाओं को हिंदी के बारे में न केवल जानना चाहिए, बल्कि इसे अपने जीवन का हिस्सा भी बनाना चाहिए।
कार्यक्रम की समन्वयक लीना लाजर ने अपने वक्तव्य से छात्रों को प्रेरित करने के लिए मुख्य अतिथि नरेश जैन का धन्यवाद किया। सेंट पीटर्स कॉलेज, आगरा ने हिंदी भाषोत्सव के दौरान अंतर विद्यालयी स्तर पर छात्रों के लिए कहानी लेखन प्रतियोगित का भी आयोजन किया था। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया।