आगरालीक्स…लॉरेंस बिश्नोई से बात हो गई है…आगरा में हॉस्पिटल संचालक को गैंगस्टर की धमकी देकर 1.17 करोड़ की ठगी. भय में पीड़ित
आगरा के थना ट्रांस यमुना क्षेत्र में रहने वाले एक हॉस्पिटल संचालक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम की धमकी देकर 1.21 करोड़ से अधिक की ठगी को अंजाम दिया गया है. महाराष्ट्र के पुणे में होटल में निवेश के नाम पर जाल में फंसाया और रुपये ठग लिए, जब हॉस्पिटल संचालक ने रुपयों की मांग की तो लॉरेंस बिश्नोई के नाम की धमकी देकर डराया गया है. पीड़ित ने कानून का सहारा लिया है और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.
ये है मामला
कालिंदी विहार में डॉ. रविेंद्र सिंह बघेल रहते हैं. इनका जलेसर रोड पर आरबी हॉस्पिटल है, जिसका प्रबंधन डॉ. रविंद्र के बड़े भाई जरजोधन सिंह करते हैं.. डॉ. रविंद्र सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई जरजोधन सिंह पुणे में हलवाई का काम करते थे. वर्षों पहले उनकी रमेश कुकरामजी चौधरी नाम के व्यक्ति से दोस्ती हुई थी. दोनों के बीच रिश्ते भाईचारे जैसे हो गए. 2017 में रमेश अपनी पत्नी के सााि आगरा आया और उसने होटल व्यवसाय शुरू करने के नाम पर 4.5 लाख रुपये उधार लिए और बदले में 50 ग्राम सोने की गिन्नी गिरवी रख दी. कई बार पैसों की मांग की लेकिन उसने कहा कि अभी पैसे नहीं है. कोविड का समय निकलने के बाद भी उसने रकम वापस नहीं की और कहा कि गिन्नी अपने पास ही रख लें. वह ब्याज सहित रकम लौटा देगा, और अपनी गिन्नी वापस ले लेगा.
होटल में निवेश के नाम पर झांसा
डॉ. रविंद्र ने बताया कि सितंबर 2023 में रमेश ने दोबारा संपर्क कर दावा किया कि पुणे में एक होटल बेहद कम दाम में मिल रहा है, क्योंकि मालिक विदेश जाने की तैयारी में है. उसने होटल का वीडियो भी दिखाया. उसने कहा कि दोनों मिलकर तीन करोड़ में होटल खरीद लेते हैं और आधे पैसे तुम दे देना और आधे पैसे मैं दे दूंगा. उसने कहा कि चार महीने बाद जनवरी 2024 में उसका बैनामा करा लेंगे..
आरोप है कि विश्वास में लेकर रमेश ने एडवांस के लिए अपने परिचितों उमेश शरत और किरण राव चंद्र के खातों में कुल 1.17 करोड़ रुपये जमा करवा लिए. लेकिन जनवरी आते ही रमेश ने कहा कि होटल मालिक लापता हो गया है, पैसे उसके पास आ गए हैं लेकिन वो अब नहीं लौटाने वाला है. जो चाहो वो कर लो.
इससे परेशान पीड़ित परिवार रकम मांगने पुणे गया, जहां आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि वे उमेश और रामचंद्र से मिलने की कोशिश न करें, वरना “सबको मरवा देगा.” आरोपी ने कहा कि उसकी लॉरेंस बिश्नोई से बात हो चुकी है. अगर कुछ गलत किया तो अंजाम सही नहीं होगा. इस धमकी से भयभीत परिवार वापस आगरा आ गया और फिर कानून का सहारा लिया. पीड़ित रविंद्र बघेल ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा दर्ज कराया है.पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की भूमिका तथा वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है.