आगरालीक्स…आगरा में हॉट एयर बैलून के बारे में जानें. एक बार में कितने लोग बैठ सकेंगे, कितना ऊंचा जाएगा, कितनी देर के लिए कितना किराया होगा…अभी है फ्री..
आज नवलपुर, कुबेरपुर के मैदान से हॉट एयर बैलून ने उड़ान भरी. उपस्थित लोगों ने ताली बजाकर, उत्साह से लबरेज अपने दोनों हाथ हिला कर हॉट एयर बैलून सवार यात्रियों को शुभकामनाएं दीं. हॉट एयर बैलून राइड के शुभारंभ के साथ ताज महोत्सव – 2024 को नए आयाम के साथ, नई पहचान मिली और आगरा टूरिज्म इंडस्ट्री एक नया सोपान चढ़ी. आज पहले दिन 06 यात्रियों ने राइड की. हॉट एयर बेलून का संचालन इमो सिंह ने किया,जो देश के पहले हॉट एयर बैलून पायलट है. इसके साथ ही कैप्टन एम चौहान चीफ ऑफ स्टाफ भी सुरक्षा की दृष्टि से साथ में मौजूद रहे जिन्होंने इस आसमानी खूबसूरत सफर के बारे में बहुत बारीकी से सुरक्षा तथा राइड से संबंधित बैलून राइडर्स को जानकारी दी व ब्रीफ किया.
कैप्टन चौहान के अनुसार इस बेलून को उड़ाने में एलपीजी नाइट्रोजन का इस्तेमाल किया जाता है. इसमें एक बार में 06 से 07 लोग सवार हो सकते हैं हॉट एयर बैलून 05 हजार फीट की ऊंचाई तक जा सकता है लेकिन आगरा प्रतिबंधित क्षेत्र होने से 15 सौ से 02 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ान की अनुमति है. आज पहले दिन बैलून लगभग 1500 फीट तक आसमान में गया, ताज महोत्सव- 2024 की ये पहली उड़ान कुबेरपुर के नवलपुर क्षेत्र से शुरू होकर ताजगंज नगला तल्फ़ी पर खत्म हुई, हॉट एयर बैलून के जमीन पर उतरते ही आसपास क्षेत्र के सैकड़ों लोग कौतूहल में मौके पर पहुंचे और सेल्फी वीडियो बनाई, लोगों ने अपनी छतों पर चढ़ कर हॉट एयर बैलून की इस रोमांचकारी उड़ान का आनंद लिया.
पायलट इमो सिंह ने बताया कि हवा के दबाव और मौसम को देखते हुए हाट एयर बैलून की उड़ान और लैंडिंग के लिए जगह चिन्हित की जाएगी, हर रोज एक उड़ान होगी. ताज महोत्सव के कारण अभी 27 फरवरी तक निश्शुल्क उड़ान है, जिला प्रशासन द्वारा छह से सात लोगों की सूची दी जाएगी, वे ही हाट एयर बैलून में बैठ सकेंगे.
13500 रुपये होगी प्रति व्यक्ति टिकट
हाट एयर बैलून की उड़ान ठंडे मौसम में ही होती है, गर्मी में उड़ान नहीं भरी जाती है. इसलिए सुबह के समय ही उड़ान भरी जाएगी। हाट एयर बैलून की टिकट 13500 रुपये प्रति व्यक्ति होगी, ऐसी जगह को चुना जाएगा जहां से ताज को देख सकें और एक घंटे की उड़ान होगी.