आगरालीक्स…आगरा में अब पेरेंट्स को दो दिन में देने हैं सबूत, स्कूलों ने कितनी फीस बढ़ाई और कितनी महंगी किताबें दीं…फिर होगी कार्रवाई
आगरा के मिशनरी और कान्वेंट स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि और महंगी किताबों को लेकर हाल ही में पेरेंट्स द्वारा जमकर हंगामा किया गया था. इस मामले को लेकर आगरा के बेसिक शिक्षाधिकारी द्वारा पांच मिशनरी स्कूलों के खिलाफ नोटिस जारी किया गया था.
इन स्कूलों को दिया गया था नोटिस
सेंट पीटर्स, सेंट पैट्रिक्स, सेंट फैलिक्स, सेंट कॉनरेड्स और सेंट फ्रांसिस
नोटिस के बाद स्कूलों ने कही ये बात
बेसिक शिक्षाधिकारी द्वारा नोटिस जारी होने के बाद स्कूलों की ओर से उपस्थित होकर कहा गया कि हमनें सिर्फ 10 प्रतिशत ही फीस बढ़ाई है और पेरेंट्स से कहा है कि वो कहीं से भी किताबें ले सकते हैं.
अभिभावकों को दिया नोटिस
स्कूलों द्वारा दी गई इस जानकारी के बाद बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अभिभावकों को नोटिस जारी किया गया था, जिसमें कहा गया था कि वे साक्ष्य पेश करें कि स्कूलों द्वारा कितनी फीस बढ़ाई गई है और महंगी किताबें कितनी हैं. अभिभावकों को 26 अप्रैल् को पेश होना था लेकिन कोई भी अभिभावक पेश नहीं हुआ. ऐसे में बीएसए जितेंद्र गौड ने अभिभावकों को अब दो दिन के अंदर साक्ष्य पेश करने को कहा है. साक्ष्य पेश होने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी.