आगरालीक्स…बल्केश्वर महादेव मंदिर से निकाली विशाल भव्य शिव बरात. आकर्षक झांकियों का किया स्थान-स्थान पर स्वागत. मंदिर में रात भर हुआ भोलेनाथ का गुणगान
महाशिवरात्रि के अवसर पर शनिवार को बल्केश्वर महादेव मंदिर के तत्वावधान में उत्सव मनाया गया। पूरे दिन मेला लगा और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भोलेनाथ के जयघोषों से माहौल गुंजायमान रहा। शाम को एफ-184, साईं धाम मंदिर के सामने, कमला नगर से शिव बरात निकाली गई। जिसमें सर्वप्रथम गणपति की झांकी थी। उनके अलावा मां दुर्गा, श्रीराम दरबार, पंचमुखी हनुमानजी आदि झांकियां बैंड बाजों व ढोल नगाड़ों के साथ थीं। अंत में भगवान बल्केश्वर नाथ की मनमोहक झांकी थी, जिसकी स्थान-स्थान पर आरती उतारी और फूलों की वर्षा की।
शिव बरात चांदनी चौक, सब्जी मंडी, शक्ति सुशील मंदिर चौराहा होती हुई बल्केश्वर महादेव मंदिर पर पहुंची। रात को मंदिर पर बाबा बल्केश्वरनाथ का भव्य श्रंगार किया गया और फूल बंगला सजाया गया। रात्रि जागरण में चार महाआरतियां हुई। रात भर महादेव का गुणगान किया गया। रविवार को मंदिर में सुबह सात बजे खप्पर पूजन किया जाएगा। उसके प्रसाद वितरण किया जाएगा। दोपहर को दो बजे मंदिर परिसर में महिला संगीत का आयोजन किया जाएगा।