आगरालीक्स…आगरा में पत्नी और तीन साल की बेटी को बाइक पर घुमाने ले गया पति. रास्ते में पत्नी का गला काटकर झाड़ियों में फेंका. हालत गंभीर
आगरा में गुरुवार को पति द्वारा की गई दुस्साहसिक वारदात सामने आई है. थाना एत्माद्दौला क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति अपनी पत्नी और तीन साल की बेटी को बाइक पर घुमाने के बहाने ले गया. लेकिन हाइवे स्थित झरना नाले पर उसने अपनी बाइक रोक पत्नी का धारदार हथियार से गला काट दिया और उसे झाड़ियों में तड़पता हुआ छोड़ गया. बेटी को वह अपने साथ ले गया. राहगीर की सूचना पर पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है. पीड़िता के भाई ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. महिला की हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है.

थाना एत्मादपुर में प्रेम सिंह निवासी महावीर नगर एत्माद्दौल ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया कि उसकी बहन आशा की शादी पांच साल पहले ताजगंज के कौलक्खा में रहने वाले विकास के साथ हुई थी. दो साल से विकास परिवार के साथ महावीर नगर में ही किराये पर रह रहा था. आरोप है कि विकास आए दिन शराब पीकर आता और आशा के साथ मारपीट करता. इसको लेकर विवाद होता रहता था. बुधवार रात करीब नौ बजे विकास अपनी बाइक से पत्नी आशा और तीन साल की बेटी एंजेल को घुमाने के बहाने घर से ले गया. यहां हाइवे पर उसने झरना नाला के पास बाइक को रोक दिया और झाड़ियों में ले जाकर आशा का गला धारदार हथियार से काट दिया. इसके बाद वह बेटी को साथ लेकर भाग गया. किसी राहगीर ने महिला को तड़पता देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया.
पुलिस का कहना है कि महिला की हालत अब खतरे से बाहर है. महिला के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी की तलाश की जा रही है.