आगरालीक्स…आगरा में मेट्रो चलने से पहले मेट्रो स्टेशनों को आईजीबीसी ने प्लैटिनम रेटिंग. इको फ्रैंडली होगी अपनी मेट्रो. जानिए क्या है क्या है आईजीबीसी
इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल द्वारा आगरा मेट्रो के तीनों ऐलिवेटड स्टेशन ताज ईस्ट गेट, बसई एवं फतेहाबाद रोड को प्लैटिनम रेटिंग मिली है।
आगरा मेट्रो के ग्रीन मेट्रो के तौर पर प्रमाणन के लिए ये बड़ी उपलब्धि है. इससे पहले इसी माह अंतर्राष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (आईएसओ) ने प्रथम कॉरिडोर में ताज ईस्ट गेट से आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन तक के भाग को पर्यावरण प्रबंधन के लिए ISO 14001 और संरक्षा प्रबंधन के लिए ISO 45001 प्रमाणपत्र प्रदान किया था.
आगरा मेट्रो कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आईजीबीसी (इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल) के पदाधिकारियों ने ग्रीन मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) श्रेणी में यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार को आधिकारिक पट्टिका एवं प्रमाण पत्र सौंपे। इस अवसर पर यूपीएमआरसी के निदेशक कार्य एंव संरचना श्री सीपी सिंह, आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस उपलब्धि को लेकर कहा कि आगरा मेट्रो का इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल द्वारा प्लैटिनम रेटिंग हासिल करना यूपी मेट्रो के आगरा शहर को सार्वजनिक यातायात के ईको-फ्रेंडली एवं ऊर्जा-कुशल साधन प्रदान करने के संकल्प को प्रमाणित करता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शहरी विकास के क्षेत्र में एक उतकृष्ठ उदाहरण है।
यूपी मेट्रो द्वारा पर्यावरण को बेहतर रखने हेतु की गई पहल-
- सौर ऊर्जा स्थापना: पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 1,000 किलोवाट सौर पीवी की स्थापना।
- हरित भूदृश्य: जैव विविधता को बढ़ाने और शहर के हरित आवरण में योगदान देने के लिए स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों में 250 से अधिक पेड़ लगाना।
- ऊर्जा-कुशल प्रकाश व्यवस्था: ऊर्जा की खपत को कम करने और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए 100% एलईडी लाइटों की स्थापना।
- जल संरक्षण के उपाय: अति-कुशल जल फिक्स्चर, वर्षा जल संचयन प्रणालियों और वायाडक्ट-स्तरीय वर्षा जल संग्रहण के माध्यम से 40% से अधिक पानी की बचत।
- रीजेनरेटिव ब्रेकिंग प्रणाली: रीजेनरेटिव ब्रेकिंग प्रणाली के कार्यान्वयन के माध्यम से 42.8% से अधिक ऊर्जा बचत का लक्ष्य।
- कुशल एचवीएसी सिस्टम: एचवीएसी उपकरण और सिस्टम में दक्षता में 15% से अधिक सुधार हासिल करना।
- पर्यावरण के अनुकूल अग्नि शमन प्रणालियाँ: कम या शून्य ओजोन क्षय क्षमता (ओडीपी) और ग्लोबल वार्मिंग क्षमता (जीडब्ल्यूपी) वाले रेफ्रिजरेंट के साथ हेलॉन और ओजोन-क्षयकारी पदार्थों से मुक्त अग्नि शमन प्रणालियों का उपयोग करना।
क्या है आईजीबीसी
आईजीबीसी 2001 में सीआईआई की एक गैर-लाभकारी संस्था है। इसका काम डेवलपमेंट के दौरान इको फ्रेंडली तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। इसके लिए ये संस्था कार्यालयों, इमारतों, कारखानों, जन रैपिड ट्रांज़िट सिस्टम आदि को पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनाए तरीकों के आधार पर रेटिंग देती है।