आगरालीक्स…आगरा में कैप्टन शुभम गुप्ता का हुआ अंतिम संस्कार. छोटे भाई ने दी मुखाग्नि. बेहोश हुई मां. पिता ने नम आंखों से किया बेटे को सैल्यूट
जम्मू कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए एनकाउंटर आपरेशन में शहीद हुए आगरा के कैप्टन शुभम गुप्ता का आज शाम छह बजे पैतृक गांव कुआं खेड़ा में अंतिम संस्कार किया गया. छोटे भाई रिषभ ने उन्हें मुखाग्नि दी. हजारों की भीड़ ने इस दौरान शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता अमर रहें और भारत माता की जय के के जयकारे लगाए. भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने शहीद के घर से पेडराक गांव करीब पांच किमी. की दूरी तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे.
इससे पहले शहीद का पार्थिव शरीर खेरिया एयरपोर्ट से आगरा उनके घर पहुंचा. शहीद के अंतिम दर्शन के लिए यहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी पहुंचे. यहां से पांच किलोमीटर दूर शहदी के पैतृक गांव कुआंखेड़ा के लिए अंतिम यात्रा शुरू हुई. शहीद को अंतिम श्रद्धांजलि देने उनके गांव में भी बहुत संख्या में लोग पहुंचे. अंतिम संस्कार से माता पिता ने भी अपने बलिदानी बेटे को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान मां उनके पार्थिव शरीर पर बेहोश होकर गिर गईं. वहीं बेटे को सैल्यूट करते हुए पिता की आंख से आंसू बहने लगे.