आगरालीक्स ..वीडियो न्यूज आगरा की सिकंदरा मंडी में आढ़ती की दुकान से ड्राइवर ने 45 लाख की चोरी की, शक ना हो, अगले दिन आढ़ती को एयरपोर्ट तक छोड़ने गया। पुलिस का खुलासा।
आगरा की सिकंदरा मंडी में हाजी नसीम का आढ़त का बढ़ा काम है, उन्हें एक अगस्त को हैदराबाद जाना था। 31 जुलाई को उन्होंने दुकान में ही कैश छोड़ दिया। सुबह घर से ड्राइवर शिशुपाल के साथ जेवर एयरपोर्ट के लिए निकले, वहां से हैदराबाद चले गए। छह अगस्त को लौटने पर जब दुकान खोली तो उसमें से कैश चोरी हो चुका था, दुकान के पीछे की दीवार को तोड़कर चोरी की गई थी। पुलिस ने जांच शुरू की।
ड्राइवर ने पिता के साथ मिलकर की थी चोरी
पुलिस ने जांच की तो ड्राइवर शिशुपाल पर शक हुआ लेकिन शिशुपाल ने पूरी प्लानिंग के तहत चोरी की थी उसे पता था कि दुकान में कैश रखा हुआ है और एक अगस्त को हाजी नसीम को हैदराबाद जाना है, उसने अपने पिता वीरू के साथ मिलकर 31 जुलाई को दुकान में चोरी की। दुकान के आगे के हिस्से में सीसीटीवी लगे हुए हैं इसलिए उसने पीछे के हिस्से की तरफ से चोरी की प्लानिंग की, पीछे की तरफ खेत है। पुलिस ने ड्राइवर शिशुपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया।
40 लाख से अधिक कैश, आईफोन बरामद, पुलिस को 25 हजार रुपये का ईनाम
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, ड्राइवर से 40 लाख से अधिक का कैश बरामद किया गया है। उसने चोरी की रकम से आईफोन और ट्रॉली बैग खरीदा था उसे भी बरामद कर दिया गया है। 31 जुलाई की रात को दुकान से चोरी करने के बाद ड्राइवर शिशुपाल एक अगस्त को हाजी नसीम को कार से जेवर एयरपोर्ट तक छोड़ने गया था और छह अगस्त को जेवर एयरपोर्ट से हाजी नसीम को लेकर आगरा आया था। शिशुपाल और उसके पिता वीरू भी चोरी में शामिल थे पूछताछ की जा रही है। आढ़ती हाजी नसीम ने करीब 45 लाख की चोरी की बात कही थी अभी और पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया है।