आगरालीक्स…संडे को खास बनाना है तो फैमिली के साथ ताज महोत्सव में लगी फूलों की प्रदर्शनी देखने जाएं. 2575 फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में देखने को मिलेंगे…
आगरा में इस समय ताज महोत्सव चल रहा है. लेकिन इस ताज महोत्सव में एक खास प्रदर्शनी भी लगी है जो कि लोगों को काफी आकर्षित कर रही है.ताज महोत्सव आयोजन स्थल (टाटा ग्राउण्ड फतेहाबाद रोड़ आगरा) पर तीन दिवसीय मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में आयोजकों द्वारा प्रकृति की इन्द्रधनुषीय छटा बिखेर रही है. रविवार को इस प्रदर्शनी का अंतिम दिन है. अगर आप भी प्रकृति प्रेमी हो और संडे को खास बनाना चाहते हैं तो अपने और अपने परिवार को यहां लेकर जाएं.74 वीं मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में अनेक स्टालों में आकर्षक पुष्पों का प्रदर्शन किया गया है. विभिन्न प्रकार की शाकभाजी एवं फल भी प्रदर्शनी में प्रदर्शित किये गये है. पशुपालन विभाग द्वारा अपने विभाग से सम्बन्धित जानकारी का स्टाल लगाकर प्रदर्शनी को लुभावना स्वरूप प्रदान किया गया है. प्रदर्शनी में 2575 उत्कृष्ट नमूने प्रदर्शित किये गये हैं. बहुरंगीय सिनरेरिया का गमला समूह जहाँ अपनी ओर आकर्षित कर रहा है, वहीं गमलों में लगी विविध प्रकार की डहेलिया भी लुभावनी प्रतीत होती है। प्रदर्शनी में लगभग 45 प्रकार की विभिन्न प्रजातियों के मौसमी फूलों का प्रदर्शन किया गया है.
एक ओर पुष्प सज्जा के साथ ही गुलदस्ते, मालायें, बुके तथा फूलों के गमले अपनी कला की छटा विखेर रहे हैं तो दूसरी ओर रंगोली एवं वृज थीम पर पुष्पों से सुसज्जित आकर्षक मॉडल भी प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण बने हुए है. गेंदा, गुलाब, डहेलिया एवं अन्य विभिन्न प्रजातियों का संकलन भी अद्वितीय है. शाकभाजी पण्डाल में ब्रोकली, बेवीकॉन, मशरूम, कद्दू, गोभी, बैंगन, टमाटर, मटर तथा फलों में बेर, पपीता, अमरूद, संतरा, चाइना औरेंज भी सबको लुभा रहा है. गमलों में लगी शाकभाजी द्वारा गृहवाटिका का भी सराहनीय प्रदर्शन किया गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण उद्यान शाखा आगरा, द्वारा बोन्साई, प्रजाति के औषधीय पौधों का पाण्डाल प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया.