आगरालीक्स…आगरा में परीक्षाओं को ओएमआर के माध्यम से कराए जाने का शिक्षकों ने किया विरोध. परीक्षा के दौरान औटा शिक्षक बांधेंगे काली पट्टी. 45 दिन के ग्रीष्मकालीन अवकाश की मांग का निर्णय
आगरा में शिक्षकों की संस्था औटा की एक वृहद् कार्यकारिणी आवश्यक बैठक विभिन्न मुद्दों को लेकर आरबीएस काॅलेज में की गई. बैठक की अध्यक्षता औटा के भूतपूर्व महामंत्री डा. एके सिंह द्वारा की गई। बैठक का संचालन औटा महामंत्री डाॅ. संजय मिश्रा द्वारा किया गया।

बैठक में निम्नलिखित बिन्दुओं पर विचार विमर्श किया गया-
आगामी प्रस्तावित (सम सेसेस्टर) की परीक्षाओं को ओएमआर के माध्यम से कराए जाने के विरोध के क्रम में परीक्षाओं के दौरान विश्वविद्यालय से सम्बद्ध प्रत्येक शिक्षक द्वारा काली पट्टी बांध कर कार्य किए जाने करने का निर्णय लिया गया।
मई-जून में परीक्षाओं को आयोजित किए जाने पर ग्रीष्मावकाश की स्थिति पर औटा मंहामंत्री द्वारा बैठक में उपस्थित प्रादेशिक शिक्षक संगठन (फुपुक्टा) से प्रदेश में विश्वविद्यलायों के ग्रीष्मावकाश पर एकरूपता तथा प्रतिकर अवकाशों पर एकरूपता के निर्णय हेतु पत्र प्रेषित किया तथा डाॅ0 बी. आर. अम्बेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति से न्यूनतम 45 दिन के अवकाश की मांग किए जाने का निर्णय लिया गया।
पैनल, प्रैक्टिकल, फ्लाइंग स्क्वाड, पर्यवेक्षक, आदि के सम्बन्ध में औटा की भूमिका पर निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा गठित परीक्षा की उपसमिति में औटा के दोनों शीर्ष पदाधिकारी (औटा अध्यक्ष एवं औटा महामंत्री) को शामिल न किये जाने की स्थिति में किसी भी शिक्षक द्वारा पैनल, प्रैक्टिकल, फ्लाइंग स्क्वाड आदि कार्यों में विश्वविद्यालय का सहयोग नहीं किया जाएगा तथा औटा अध्यक्ष एवं महामंत्री को शामिल किए जाने के पश्चात प्रत्येक शिक्षक को वरिष्ठता एवं चक्रानुक्रम के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित कार्य आवंटित किए जाएंगे।
प्रायोगिक परीक्षाओं के दौरान प्राप्त होने वाले ओटीपी के सन्दर्भ में विश्वविद्यालय प्रशासन से आन्तरिक एवं बाह्य परीक्षक दोनों के मोबाइल पर ओटीपी आने की व्यवस्था को लागू किये जाने सम्बन्धी पत्र प्रेषित करने हेतु निर्णय लिया गया।
औटा के पूर्व निर्धारित वार्षिक सदस्यता शुल्क को 80 रूपये से 100 रूपये किए जाने का निर्णय लिया गया।
औटा से सम्बद्ध किसी महाविद्यालय शिक्षक संगठन के चुनाव में किसी तरह का विवाद होने की स्थिति में ही औटा द्वारा हस्तक्षेप किया जाएगा।
बैठक में औटा अध्यक्ष डाॅ. पुष्पेन्द्र सिंह सहित औटा कार्यकारिणी के सदस्य, आगरा विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में डाॅ. शिव कुमार सिंह, डाॅ. अनुराधा गुप्ता, डाॅ. भूपेन्द्र चिकारा आदि उपस्थित रहे।