आगरालीक्स…आगरा में जनकपुरी की रार थमने का नाम नहीं ले रही, मेयर तक को न्योता नहीं दिया, न पार्षद बुलाए. नगर निगम ने 4.60 करोड़ से कराए विकास कार्य
आगरा में 17 सितंबर को रामबारात निकली और अगले दिन सुबह बारात जनकपुरी कमला नगर में पहुंची. राजा दशरथ बने अजय अग्रवाल ने मंच पर सही जगह न बिठाए जाने के आरोप लगाए. अगले दिन बढ़हार की दावत में राजा जनक राजेश अग्रवाल द्वारा व्यक्तिगत रूप से राजा दशरथ अजय अग्रवाल को न बुलाने पर उन्होंने वीडियो के माध्यम से गंभीर आरोप लगाए. इसके बाद पलटवार करते हुए जनकपुरी आयोजन समिति के पार्षद प्रदीप अग्रवाल और पंकज अग्रवाल ने राजा दशरथ पर जूते पहनकर मंच पर चढ़ने सहित गंभीर आरोप लगाते हुए ये तक कहा कि अगर राजा दशरथ गलती करेगा तो हम बार—बार गुंडई करेंगे. मिलनी और विदाई के बिना ही माता सीता जनकपुरी से विदा हुईं. रविवार को केवट संवाद होगा.
मेयर और पार्षदों को भी न्योता नहीं भेजा
कमला नगर में जनकपुरी आयोजन का निर्णय होने के बाद मेयर हेमलता दिवाकर ने जनकपुरी क्षेत्र में विकास कार्य कराने के लिए कहा था. 4.60 करोड़ से नगर निगम द्वारा जनकपुरी क्षेत्र में सड़क के निर्माण सहित अन्य विकास कार्य कराए गए. मगर मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जनकपुरी आयोजन के दौरान मेयर को भी न्योता नहीं दिया गया. मेयर भाजपा पार्टी से हैं. आयोजन समिति के दोनों पार्षद भी भाजपा से हैं और आयोजन समिति के अधिकांश सदस्य और पदाधिकारी भी भाजपा से ही जुड़े हुए थे. ऐसे में मेयर और अन्य पार्षदों को भी आमंत्रित न करने पर मामला गरमाने लगा है.
जनकपुरी में आज खाटू श्याम संध्या
श्री जनकपुरी महोत्सव समिति द्वारा आज रविवार को शाम 7:00 बजे से जनक मंच पर सम्मान समारोह एवं रात 10:00 बजे से श्री श्याम सेवक परिवार समिति के सान्निध्य में श्री खाटू श्याम भजन संध्या का भव्य आयोजन किया जाएगा.