आगरालीक्स…ताजमहल पर फिर पर्यटक पर बंदरों का हमला. स्पेनिश महिला पर्यटक को काट खाया. पर्यटक ने सिर्फ इतना कहा-उनके लिए बुरा रहा अनुभव
आगरा के ताजमहल में बंदरों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार पर्यटकों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं. देशी विदेशी पर्यटक आए दिन बंदरों के काट खाने से घायल हो रहे हैं. बुधवार को भी एक विदेशी पर्यटक पर बंदरेां के झुंड ने हमला बोल दिया. स्पेनिश महिला पर्यटक को एक बंदर ने काट खा लिया. पर्यटक का नाम क्रिस्टीना है और वह उस समय टिकट विंडो से टिकट ले रही थी. बाद में पर्यटक को जिला अस्पताल में एंटी रेबजी का इंजेक्शन लगाया गया. बता दें कि पर्वू में और सोमवार को भी विदेशी महिला पर्यटक समेत बच्चे को बंदरों ने काट लिया था. क्रिस्टिना ने कुछ अधिक कहने से तो इनकार कर दिया लेकिन सिर्फ इतना कहा कि उनके लिए यह अनुभव बुरा रहा.

बीते 15 दिन में चार पर्यटकों को काट खाया
ताजमहल पर बंदरों को रोकने के लिए कोशिश तो बहुत की जा रही है लेकिन बंदरों का उत्पात बढ़ता ही जा रहा है. बीते 15 दिनों में चार पर्यटकों पर बंदर हमला कर चुके हैं जिनमें से तीन को काट खाया है. ताजमहल विश्वदाय स्मारक है और हजारों देशी विदेश पर्यटक यहां रोजाना ताजमहल का दीदार करने के लिए आते हैं लेकिन उनके साथ हो रही यह घटनाएं अच्छी छवि नहीं पेश कर रही हैं और वह बुरा अनुभव लेकर जा रहे हैं.