आगरालीक्स…चंबल की बाह रेंज में बढ़े घड़ियाल और मगरमच्छ. पिछले साल के मुकाबले 213 घड़ियाल और 198 मगरमच्छ अधिक मिले…जानिए इस समय इनकी संख्या
चंबल सेंचुरी की बाह रेंज में राजस्थान से सटे रेहा से लेकर इटावा से लगे उदयपुर खुर्द तक वन विभाग की 9 टीमें घड़ियाल, मगरमच्छ और डॉल्फिन की गणना के लिए चंबल नदी में उतरी थी। गणना के नतीजे उत्साहवर्धक रहे हैं। घड़ियालों की आबादी 794 से बढ़ कर 1007 हो गई है। मगरमच्छ का कुनबा 281 से बढ़ कर 479 हो गया है। जबकि डॉल्फिन की संख्या 29 से घट कर 26 रह गई है।
बाह के रेंजर उदय प्रताप सिंह ने बताया कि वन विभाग की 9 टीमें रेहा से महेवा मंदिर, महेवा मंदिर से पिनाहट, पिनाहट से क्योरी, क्योरी से जेबरा, जेबरा से कैंजरा, कैंजरा से गुढ़ा, गुढ़ा से नंदगवां, नंदगवां से हथकांत, हथकांत से उदयपुर खुर्द तक मोटरबोट और पैदल गश्त कर गणना के लिए उतरी थी। गणना के दौरान कोई भी जलीय जीव अस्वस्थ नहीं मिला। गिनती के दौरान पिछले साल के मुकाबले इस साल 213 घड़ियाल ज्यादा मिले हैं। जबकि 198 मगरमच्छ अधिक मिले हैं। जिससे वन विभाग का अमला उत्साहित है। डॉल्फिन कम मिलने के पीछे के कारणों की समीक्षा की जा रही है।