आगरालीक्स…आगरा में चारपाई को बनाया एंबुलेंस. सड़क नहीं मिली तो उटंगन नदी से पार कराई प्रसूता…वीडियो वायरल
गांव तक आवागमन के लिए पक्के रास्ते की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को आज भी उटंगन नदी पार कर आवाजाही करने को मजबूर होना पड़ रहा है। बुधवार को डिलीवरी के लिए फतेहाबाद गई महिला को प्रसव के बाद गुरुवार शाम परिजन जान जोखिम में डालकर नदी पार कराकर घर ले गए। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया बताया गया कि थाना बसई अरेला क्षेत्र के गांव सुखलालपुरा में आने-जाने के लिए उचित मार्ग नहीं होने के कारण ग्रामीणों को नदी के रास्ते आवागमन करना पड़ता है।
श्रीकिशन की पत्नी केशो देवी को प्रसव के लिए परिजन फतेहाबाद लेकर गए थे। प्रसव के बाद गुरुवार शाम करीब पांच बजे महिला और नवजात को वापस गांव लाया जा रहा था। नदी में पानी होने के कारण परिजनों ने ट्यूब के सहारे चारपाई रखकर प्रसूता और नवजात को नदी पार कराया। इस दौरान किसी अनहोनी की आशंका बनी रही। घटना का करीब एक मिनट 23 सेकेंड का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक सुरक्षित सड़क मार्ग नहीं होने के कारण बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ने पर सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को होती है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से गांव तक जल्द सड़क मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की है।