आगरालीक्स ….आगरा की महिला चिकित्सक के पास एक कॉल आया, कहा कि मंत्रालय के पोर्टल पर शिकायत मिली है। इसके बाद फोन करने वाले ने शिकायत की कॉपी भेजने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। महिला चिकित्सक समझ नहीं पाई, ऐसा क्यों और किसलिए किया गया। इस मामले में महिला चिकित्सक ने एसएसपी से लिखित शिकायत की है।

कमला नगर में ओजस हॉस्पिटल है। हॉस्पिटल की संचालिका डॉ. सोनल गुप्ता ने एसएसपी से शिकायत की है, इसमें उन्होंने कहा है कि मंगलवार दोपहर में उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि लखनऊ मंत्रालय से बोल रहा हूं, आपके हॉस्पिटल की शिकायत मंत्रालय के पोर्टल पर मिली है। डॉ. सोनल ने शिकायत के बारे में पूछा, इस पर फोन करने वाले ने कहा कि एक हजार रुपये खाते में ट्रांसफर कर दें, शिकायत की कॉपी भेज दी जाएगी। उन्होंने मंत्रालय के नाम पूछा तो उसने नेशनल इन्फोर्मेशन सेंटर बताया। कॉल करने वाले ने डॉक्टर के व्हाटस एप पर यूपीआई का नंबर भी भेज दिया।