आगरालीक्स…आगरा में बिना बारिश के सावन की शुरुआत. आगरा का तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ऊपर. भीषण गर्मी से लोग परेशान. जानें कब बन रहे बारिश के चांस
सावन का महीना बारिश का महीना कहलाता है. आसमान में काली घटाएं छाई रहती हैं और कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश होती है. देश के कई राज्यों में बारिश हो रही है. कहीं—कहीं तो बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है लेकिन यूपी में लोग गर्मी से परेशान हैं. हमारी बात आगरा की है तो आगरा के लोग भी बारिश न होने के कारण गर्मी से परेशान हैं. उमसभरी गर्मी ने बेहाल कर रखा है. जरा सी देर में शरीर पसीना—पसीना हो रहा है. सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकल आती है जो कि दोपहर में इतनी तेज होती है कि एक पल भी धूप में ठहरा नहीं जाता. घर से बाहर जाने वाले या बाहर से घर आने वाले लोग पसीने से लथपथ ही दिखाई देते हैं. आज से सावन महीने की शुरुआत हो गई है लेकिन आगरा में इसकी सूखी शुरुआत हुई है. दोपहर को एक या दो बार बादल भी छाए लेकिन बारिश नहीं हुई.

बारिश न होने और आसमान साफ रहने के कारण आगरा का तापमान लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक बना हुआ है. यह 28.4 डिग्रीइ सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी आने वाले दो दिन यानी शुक्रवार और शनिवार को आसमान साफ ही रहेगा. इन दो दिन बारिश के कोई चांस नहीं है. रविवार और सोमवार को बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना बन रही है, हालांकि अच्छी बारिश के आसार 19 जुलाई से हैं.