आगरालीक्स…आगरा में तीन चोर पुलिस ने पकड़े. शौक पूरे करने के लिए करते थे चोरी. मोबाइल बेचने के लिए जा रहे थे…
आगरा के थाना एत्माद्दौला पुलिस ने तीन चोरों को अरेस्ट किया है. तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर चोरी के मोबाइल बेचने के लिए जा रहे थे लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बैरियर लगाकर उन्हें पकड़ लिया. पुलिस ने इनके पास से चोरी की बाइक, चोरी के मोबाइल और तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं.

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि तीन चोर नुनिहाई रोड से होकर घाट की तरफ जा रहे हैं. इस पर पुलिस ने पावर हाउस कॉलोनी के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी. थोड़ी देर में एक ही बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने इन्हें रोकने का इशारा किया लेकिन वे बाइक को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे लेकिन हड़बड़ाहट में इनकी बाइक फिसल गई जिससे मौका पाकर पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया.
पकड़े गए बदमाशों के नाम शिवम कुमार उर्फ शिब्बू, आकाश और निहाल सिंह हैं. पुलिस ने इनके पास से चोरी की बाइक, तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, तीन चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं. पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे चोरी की वारदातों को अंजाम शौक पूरा करने के लिए देते थे. आज वह चोरी के मोबाइलों को बेचने के लिए निकले थे. पुलिस ने बताया कि शिवम पुरा गोवर्धन थाना खंदौली का रहने वाला है तो वहीं आकाश सब्जी मंडी नरायच और निहाल सिंह सती नगर सविता गली नरायच का रहने वाला है.