आगरालीक्स…आगरा में दो छात्र निकले चेन स्नेचर, एक 10वीं में पढ़ने वाला तो दूसरा 11वीं में. मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी की 10 लाख की चेन लूटकर, तुरंत 2.70 लाख में बेची… iphone 16 खरीदना था…पहला अपराध लेकिन साजिश चौंकाने वाली
आगरा के जोनल पार्क में मॉर्निंग वॉक पर निकले आलू कारोबारी की 10 लाख की चेन बाइक सवार बदमाश तोड़कर ले गए थे. चेन तोड़कर ले जाने वाले कोई शातिर बदमाश नहीं थे बल्कि 10वीं और 11वीं में पढ़ने वाले दो छात्र थे जो कि आपस में दोस्त थे. दोनों ने चेन को 2.70 लाख रुपये में बेच भी दिया और iphone 16 खरीदने के लिए जा रहे थे. पुलिस ने दोनों को अरेस्ट कर लिया है.मॉर्निंग वॉक पर टहलते समय लूटी थी चेन
एकता पुलिस चौके पास विश्वकर्मापुरम में महेंद्र सिंह रहते हैं. महेंद्र सिंह आलू व्यापारी हैं. रोज की तरह शुक्रवार सुबह वह करीब सात बजे जोनल पार्क में टहलने के लिए गए हुए थे. मुख्य मार्ग पर टहल रहे थे कि तभी बाइक पर सवार दो युवक आए और उनके गले से झपट्टा मारकर चेन तोड़ ले गए. व्यापारी अपने साथ हुई इस घटना से सकपका गए लेकिन जब तक वह कुछ समझ पाते बाइक सवार वहां से भाग निकले. जानकारी पर मौेके पर अन्य लोग भी आ गए. सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने सीसीटीवी चेक किएतो उसमें लुटेरे नजर आ रहे थे.
पुलिस ने सीसीटीवी में बाइक के नंबर से पहचान कर ली और नंबर ट्रैस कर लोकेशन पता की. दोनों युवक आईफोन खरीदने के लिए जा रहे थे क तभी पुलिस ने इनको अरेस्ट कर लिया. पूछताछ में दोनों ने बताया कि एक दिन हम पार्क में घूमने के लिए गए थे तो हमने व्यापारी को मोटी सोने की चेन पहने हुए देखा. तभी उनके मन में चेन लूटकर आईफोन खरीदने का मन किया. उन्होंने व्यापारी के दिनचर्या पर नजर रखी और सही अंदाजा लगाकर लूट की वारदात को अंजाम दे डाला. लूट के तुंरत बाद ही उन्होंने एक सुनार को चेन 2.70 लाख रुपये में बेच दिया और इन पैसों से आईफोन लेने के लिए जा रहे थे.
दोनों छात्र थे लेकिन साजिश शातिरों वाली
पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिग हैं और एक कक्षा 10वीं में तो दूसरा कक्षा 11वीं में पढ़ता है. दोनों आपस में दोस्त हैं. पुलिस का कहना है कि ये इनका पहला अपराध था लेकिन जिस तरह से उन्होंने लूट की साजिश वो काफी चौंकाने वाली थी. दोनों को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है और चेन खरीदने वाले सुनार को भी पकड़ा जाएगा.