आगरालीक्स…आगरा में युवक ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट ’12 साल की बहन की आंखों का कराना है इलाज’. आर्थिक मदद की लगाई गुहार…..खुल गई चौंकाने वाली हरकत. पुलिस ने किया अरेस्ट
आगरा के बाह थाना क्षेत्र में रहने वाले अजय वीर सिंह उर्फ जय सिंह राठौड़ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली जिसमें उसने अपनी 12 साल की बहन को ग्लूकोमा/विट्रियस हेमरेज से पीड़ित बताया और उसकी आंखों के उपचार के नाम पर लोगों से आर्थिक मदद की गुहार लगाई. युवक ने भावुक पोस्ट के जरिए लोगों से बहन की आंखों के इलाज के लिए सहायता की मांग की. लेकिन एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने इसकी पोल खोल दी और हकीकत सामने रख पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया. पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से अजयवीर सिंह उर्फ जय सिंह राठौड़ नामक व्यक्ति द्वारा अपनी 12 वर्षीय बहन को ‘ग्लूकोमा’/‘विट्रियस हेमरेज’ जैसी बीमारी से पीड़ित बताकर, उसके आंखों के उपचार के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर, आमजन की भावनाओं से खिलवाड़ करते हुए लोगों से गलत तरीके से धनराशि (Crowd Funding) प्राप्त किए जाने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी. उक्त शिकायत का थाना बाह पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है तथा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है.
अस्पताल के फर्जी कागजात किए तैयार
मामले में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मदन मोहन सोनी को जय की बातों पर शक हुआ और उनहोंने शक की पुष्टि के लिए श्राफ आई सेंटर से संपर्क किया. अस्पताल ने संबंधित मरीज के वहां भर्ती होने से इंकार कर दिया और साथ ही अस्पताल की ओर से अपने नाम का गलत इस्तेमाल और फर्जी लेटरहैड पर रोगी से संबंधित जानकारी, मेडिकल पर्चे, परामर्श और अनुमानित खर्च को लेकर चेतावनी दी. इसके बाद मदन मोहन सोनी ने जय सिंह राठौर से फर्जी तरीके से जुटाई गई रकम लोगों को लौटाने की अपील की. आरोप है कि वह तरह तरह के बहाने बनाने लगा. इसके बाद इंफ्लुएंसर ने बाह थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को अरेसट कर लिया है.