आगरालीक्स…आगरा के बटेश्वर महादेव मंदिर में पुलिस ने देखी व्यवस्थाएं. सावन माह के दूसरे सोमवार और कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा सख्त.
कांवड़ यात्रा तथा श्रावण माह के आगामी द्वितीय सोमवार के दृष्टिगत मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल द्वारा शनिवार को थाना बाह क्षेत्रान्तर्गत स्थित बटेश्वर महादेव मंदिर एवं कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा-व्यवस्थाओं, यातायात एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया तथा मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं पुजारियों से वार्ता की गई।
इस दौरान बैरिकेडिंग, कांवड़ यात्रा मार्ग, जलाभिषेक स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, सीसीटीवी निगरानी, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल एवं यातायात प्रबंधन का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं से अपील है कि कांवड़ यात्रा एवं जलाभिषेक के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें तथा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।