आगरालीक्स…आगरा में रात को यमुना में बह रहा था युवक. 30 मिनट के अंदर युवक को बचाकर नदी से बाहर निकाला
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में देर रात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई. चौकी रामबाग पुलिस टीम जवाहर पुल पर गश्त कर रही थी, तभी यमुना नदी में एक युवक के बहने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस बल ने तत्काल थाना प्रभारी देवेंद्र दूबे को अवगत कराया और गोताखोरों से संपर्क साधा. थाना प्रभारी के निर्देशन में रामबाग डिवीजन चौकी प्रभारी अरुण बिलगैया टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जीवन रक्षक उपकरणों के साथ गोताखोर सनी और सुरेंद्र ने यमुना में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.पुलिस और गोताखोरों की तत्परता के चलते सूचना मिलने के करीब 30 मिनट के भीतर युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया गया. युवक ने अपना नाम लाखन सिंह (37) पुत्र स्वर्गीय भजनलाल निवासी नगला नेहरा, थाना खंदौली बताया. उसने बताया कि वह नारायच श्मशान घाट पर आया था, जहां शराब के नशे में उसका पैर फिसल गया और वह यमुना में गिरकर बहने लगा. रेस्क्यू के बाद युवक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. साथ ही उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई.