आगरालीक्स…स्वतंत्रता दिवस, जन्माष्टमी को लेकर आगरा सहित यूपी में पुलिस रहेगी अलर्ट. सिनेमा हॉल से लेकर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी. यूपी डीजीपी ने जारी किए आदेश.
स्वतंत्रता दिवस, जन्माष्टमी को लेकर यूपी डीजीपी ने सुरक्षा संबंधी आदेश जारी किए है. इसके लिए जो निर्देश जारी किए गए हैं वो आगरा सहित सभी जिलों में मान्य होंगे. जानिए क्या हैं आदेशस्वतंत्रता दिवस के समस्त महत्वपूर्ण आयोजनों/कार्यक्रमो को सूचीबद्ध कर सुरक्षा/ यातायात व्यवस्था हेतु प्रभावी व्यवस्थापन किया जाये।
कार्यक्रम से पूर्व एण्टी-सैबोटॉज चेकिंग अवश्य करा ली जाए।
समस्त कार्यक्रम स्थलों पर विशेष सुरक्षा प्रबन्ध किये जाये
रेलवे/ मेट्रो/ बस स्टेशन, एयरपोर्ट, सिनेमाहाल, मल्टीप्लेक्स, मनोरंजन के स्थल/ शॉपिंग माल, होटल, धर्मशाला, गेस्टहाउस / भीड-भाड़ वाले स्थानों एवं धार्मिक स्थलों पर विशेषरूप से सुरक्षा प्रबन्ध किये जायें।
प्रदेश एवं जनपदों के समस्त प्रवेश द्वारों पर निरन्तर प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित की जाये । समस्त चेकपोस्ट एवं बैरियर ड्यूटी को सतर्क व समुचित ब्रीफ किया जाए। समस्त सी0सी0टी0वी0 कैमरों को क्रियाशील रखा जाए।
माइक्रोलाइट एयर क्राफ्ट, पैराग्लाइडर, हैंगग्लाइडर, ड्रोन्स एवं अन्य मानव रहित विमानों की नियमों एवं मानको के विपरीत उड़ान प्रतिबन्धित की जाए।
जनपदीय अभिसूचना तन्त्र व सोशल मीडिया सेल को सक्रिय कर दिया जाए।
प्रतिबन्धित संगठनों तथा आतंकवादी संगठनों से सम्बन्धित प्रत्येक गतिविधि पर गहन निगरानी एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ।
अन्य प्रदेशों के सीमावर्ती जनपदों से अवांछनीय तत्वों / संगठनों की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुये रेल, सड़क एवं हवाई आवागमन पर विशेष सतर्कता बरती जाए। अवैध शस्त्रों / कारतूसों, शराब एवं विस्फोटक पदार्थों की तस्करी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के आवागमन पर सतर्क दृष्टि रखने हेतु स्थायी चेक पोस्ट के अतिरिक्त अस्थायी चेक पोस्ट लगाकर आकस्मिक चेकिंग करायी जाए।
आवासीय कालोनियों में किरायेदारों का अभियान चलाकर सत्यापन अवश्य करा लिया जाए।
संवेदनशील धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा निर्धारित एसओपी के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।
समस्त जनपद/कमिश्नरेट में नियमित रूप से प्रातः कालीन पोस्टर पार्टी का गठन कर चेकिंग सुनिश्चित की जाये।
स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों की अचूक सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिस बल को समुचित ब्रीफ करते हुए उच्च सतर्कता रखी जाए।
इस सम्बन्ध में नियमित चेकिंग, प्रभावी फुट पेट्रोलिंग एवं अधिक से अधिक बल के साथ फ्लैग मार्च किया जाये।
त्यौहार रजिस्टर तथा रजिस्टर नं०-08 में उपलब्ध प्रविष्टियों का अध्ययन कर लिया जाय तथा किसी नई परम्परा की अनुमति न दी जाय।
असामाजिक/साम्प्रदायिक तत्वों की सूची को अद्यावधिक कर आवश्यकता पड़ने पर इनके विरुद्ध कड़ी निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
आयोजकों/प्रबन्धको तथा धर्मगुरूओं के साथ गोष्ठी कर ली जाये।
आयोजकों द्वारा संज्ञान में लायी गयी समस्याओं का सम्बन्धित विभाग से समन्वय स्थापित कर निस्तारण कराया जाये।
महत्वपूर्ण संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरा से भी चेकिंग करायी जाये।
भीड़ नियंत्रण दंगा नियंत्रण से सम्बन्धित उपकरणों को तैयारी की हालत में रखा जाय । सोशल मीडिया की राउण्ड द क्लॉक मॉनिटरिंग की जाये।
चेहल्लुम तथा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजकों से मजिस्ट्रेट के साथ वार्ता /गोष्ठी कर यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि कहीं कोई विवाद न होने पाये।
जनपद मुख्यालय पर पर्याप्त संख्या में पुलिस / पीएसी बल रिजर्व में रखा जाय।
समस्त महत्वपूर्ण आयोजनों में राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस व्यवस्थापन किया जाये।