आगरालीक्स…आगरा की एक ऐसी नगर पंचायत, जहां 30 साल से निर्विरोध ही चुना जाता है अध्यक्ष प्रत्याशी. सभी दस सदस्य भी निर्विरोध होते हैं निर्वाचित..पढ़ें पूरी खबर
आगरा में नगर निकाय चुनाव को लेकर जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं. पार्टी प्रत्याशी हों या फिर निर्दलीय प्रत्याशी, हर कोई चुनाव जीतने के लिए जोरआजमाइश पर जुट गए हैं और लोगों को मनाने और अपने पक्ष में वोट डालने की अपील की जा रही है. ये चुनाव ऐसा है जिसमें कभी—कभी पिता के सामने बेटा खड़ा हो जाता है तो कभी सास के सामने उसकी बहू. मगर आगरा की एक ऐसी नगर पंचायत भी है जहां पिछले 30 सालों से निर्विरोध ही अध्यक्ष चुना जाता है.

आगरा की ये नगर पंचायत है ‘दयालबाग’. दयालबाग को वर्ष 1957 में टाउनशिप एरिया घोषित किया गया था. इसके बाद यहां पर पहली बार जब चुनाव हुए तो वो चुनाव निर्विरोध हुआ. 1992 में दयालबाग नगर पंचायत बनी तो क्षेत्र छोटा हुआ और उसके बाद से आपसी सामंजस्य से यहां निर्विरोध ही चुनाव हुए. दयालबाग नगर पंचायत से अध्यक्ष गुरु प्यारी मेहरा लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं. वो वर्ष 2012 में पहली बार चुनी गई थीं जिसके बाद 2017 और अब तीसरी बार उनको निर्विरोध चुना गया है.
वैसे इस बाद दयालबाग नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए दो लोगों ने नामांकन किया था. इनमें एक गुरु प्यारी मेहरा थीं तो दूसरे बी प्रेम प्यारा थे, लेकिन गुरुवार को नाम वापसी की प्रक्रिया में बी प्रेम प्यारा ने अपना नामांकन वापस ले लिया. इसके बाद गुरु प्यारी मेहरा को निर्विरोध चुन लगया गया. वहीं 10 वार्ड में 20 लोगों ने इस नगर पंचायत के सदस्य के लिए नामांकन किया था, जिसमें हर वार्ड से एक एक प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस ले लिया. इसके बाद सभी सदस्यों का भी निर्विरोध निर्वाचन हो गया.