आगरालीक्स…Agra News: दिवाली पर पकवानों को देख नहीं कर पाते कंट्रोल, आगरा गैस्ट्रो लिवर सेंटर के एक्सपर्ट्स से जानें क्या तरीके अपनाएं कि खुद को गैस्ट्रिक समस्याओं से बचा पाएं ( Agra News: Prevent from Gastric Problem advice AGCL Experts#Agra )
दिवाली जैसे खास मौकों पर घर में बहुत सारे पकवान बनते ही हैं। बाहर से भी मिठाई और काफी कुछ मंगवाया जाता है। और तो और दिवाली के कई दिन बाद तक यह सब चलता रहता है। मगर इन पकवानों के कारण पाचन संबंधी समस्याओं से बचने के लिए, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट की कुछ टिप्स पहले ही जान लें तो शायद कुछ हद तक बचाव रख पाएं।
आगरा गैस्ट्रो लिवर सेंटर के वरिष्ठ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. समीर तनेजा की मानें तो ऐसे खास मौकों पर अधिक तेल, मसाले और शक्कर से भरे खाद्य पदार्थ खाने से एसिडिटी, पेट में भारीपन, बार-बार डकार आना और जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इससे छाती में जलन या हार्टबर्न का भी सामना करना पड़ सकता है। अगर आप पूरी तरह कंट्रोल नहीं रख पा रहे हैं तो कम से कम खाने की मात्रा का ध्यान रखें। बाहर का यह तला—भुला या मीठा अधिक न होने पाए।
वरिष्ठ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. दिनेश गर्ग ने बताया कि दिवाली पर आप जिन शारीरिक समस्याओं का सामना कर सकते हैं उनमें शायद गैस्ट्रिक समस्या सबसेस आम है। आप इस दौरान डाइट पर ध्यान नहीं देते हैं और काफी तला भुना खा लेते हैं जिस कारण पेट और पाचन से जुड़ी कई समस्याएं हो जाती हैं। इन समस्याओं में पेट में दर्द होना, पाचन ठीक से न हो पाना, एसिडिटी होना, गैस, कब्ज, पेट में और सीने में जलन होना, उल्टी और दस्त आदि शामिल होते हैं।
वरिष्ठ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत चौहान ने बताया कि अधिक तले भुने से परहेज करें और अपने आप को ज्यादा खाने से बचाएं। आप कुछ समय का गैप देकर दूसरा स्नैक खा सकते हैं या फिर आप को अधिक तला भुना खाना ही नहीं चाहिए ताकि गैस्ट्रिक समस्याएं उत्पन्न ही न हो सकें। आपके शरीर को हाइड्रेशन की जरूरत होती है और त्योहार पर भी इस जरूरत को पूरा करने के लिए रोजाना का पानी पीने का गोल आपको जरूर पूरा करना चाहिए।
वरिष्ठ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. पंकज कौशिक ने बताया कि गैस और गैस्ट्रिक समस्याओं से बचने के लिए आपको खाने के बाद कुछ जरूरी एक्सरसाइज या योग करना चाहिए ताकि आप का खाया हुआ आसानी से पच जाए और आपको गैस्ट्रिक समस्याओं का सामना एकदम से न करना पड़े। दिवाली जैसे स्पेशल मौके पर हम इसमें लापरवाही कर देते हैं जो समस्या का कारण बन सकता है। आपको इस समय खाना अच्छे से चबाना चाहिए ताकि वह जल्द से जल्द पच जाए। छोटे छोटे टुकड़े करके खाएं और उन्हें अच्छे से चबाएं जरूर। धूम्रपान और शराब का सेवन न करें, क्योंकि इससे आपका रेस्पिरेटरी सिस्टम भी प्रभावित हो सकता है।