आगरालीक्स...आगरा में महिलाओं के जीवन में होने वाले स्वास्थ्य संबंधी परिवर्तनों के प्रति किया जागरूक. मासिक धर्म, पसीओएस, एनीमिया, मेनोपॉज, पोषण, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं स्क्रीनिंग के बारे में दी गई जानकारी
महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आगरा मेनोपॉज़ सोसायटी द्वारा सोमवार को आवास विकास कॉलोनी सेक्टर 12 ए स्थित श्री विजय स्वरूप महिला कॉलेज ऑफ एजुकेशन में महिलाओं के स्वास्थ्य एवं मेनोपॉज़ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं छात्राओं की माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जीवन के विभिन्न चरणों में होने वाले स्वास्थ्य संबंधी परिवर्तनों के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान एवं उचित चिकित्सकीय परामर्श के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के दौरान मासिक धर्म एवं प्रजनन स्वास्थ्य, PCOS, एनीमिया, पेरिमेनोपॉज़ एवं मेनोपॉज़, पोषण, शारीरिक सक्रियता, हड्डियों का स्वास्थ्य, हृदय एवं मेटाबॉलिक स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य तथा स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं स्क्रीनिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने प्रतिभागियों के साथ इंटरैक्टिव संवाद किया तथा महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्हें वैज्ञानिक एवं प्रमाण-आधारित स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। विशेष रूप से मेनोपॉज़ को महिलाओं के जीवन का एक स्वाभाविक चरण बताते हुए इस दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों को समझने और उचित समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में आगरा मेनोपॉज सोसाइटी की ओर से डॉ. अनिता शर्मा, डॉ. अनिता भारद्वाज, डॉ. संगीता मल्होत्रा, डॉ. रेनू शर्मा, डॉ. नीलम सिंह, डॉ. नीलम रावत, डॉ. रचिता कोहली एवं डॉ. रश्मि ने सहभागिता की और प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलेज प्रशासन, शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं अभिभावकों के सहयोग के लिए सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह एवं महासचिव डॉ. नीलम सिंह ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना समाज में स्वस्थ एवं जागरूक महिला समुदाय के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।