आगरालीक्स…आगरा की तीन राजनैतिक पार्टियों की मान्यता होगी खत्म, चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस. 6 सालों में एक भी चुनाव नहीं लड़ा…जानें कौन सी हैं ये तीनों पार्टियां
आगरा की तीन राजनैतिक पार्टियों की मान्यता समाप्त होगी. चुनाव आयोग ने तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. मंगलवार को जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने अवगत कराया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के प्राविधानों के अन्तर्गत भारत निर्वाचन आयोग में पंजीकृत उत्तर प्रदेश राज्य जनपद आगरा के पंजीकृत 03 अमान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा वर्ष 2019 से वर्ष 2024 (06 वर्षों) के मध्य आयोग द्वारा आयोजित निर्वाचनों में एक भी चुनाव नहीं लड़ा है. इसको लेकर भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा तीनों राजनैतिक दलों को करण बताओ नोटिस जारी किया गया है.इन तीन राजनीतिक दलों को जारी हुआ नोटिस
ब्रज विकास पार्टी, रजिस्टर्ड पता- ए-193, ट्रांस यमुना कालोनी, फेस-2, आगरा-286002, उ0प्र0
भारत कल्याण पार्टी, पता- ग्राम-मेवली, तहसील-खेरागढ़, जनपद आगरा-283115, उ0प्र0
लोकतान्त्रिक युवा शक्ति पार्टी, पता- नं0-5, एचआईजी-160, 100 फीट रोड, नेहरू एनक्लेव, आगरा-282001
उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा उपरोक्त पंजीकृत अमान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को जारी “कारण बताओ नोटिस पार्टी के पंजीकृत पते पर रजिस्टर्ड डाक द्वारा प्रेषित किया गया है। “कारण बताओं नोटिस“ के संबंध में उक्त पार्टी के अध्यक्ष/महासचिव अपना प्रत्यावेदन हलफनामा एवं सुसंगत अभिलेखों के साथ दिनांक 14 जुलाई, 2025 तक कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ०प्र०, चतुर्थ तल विकास भवन, जनपथ मार्केट, लखनऊ-226001 को उपलब्ध करा सकते हैं एवं सुनवाई हेतु नियत दिनांक 21 जुलाई, 2025 को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के समय के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपस्थित हो सकते हैं। यदि पार्टी की ओर से कारण बताओ नोटिस के सम्बन्ध में निर्धारित तिथि के भीतर प्रत्यावेदन उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो यह माना जायेगा कि पार्टी को इस मामले में कुछ नहीं कहना है और पार्टी को राजनैतिक दलों की सूची से हटाये जाने के सम्बन्ध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ०प्र०, लखनऊ की ओर से संस्तुति सहित प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली को प्रेषित कर दिया जायेगा।