आगरालीक्स…आगरा के एक बड़े हॉस्पिटल का रिकॉर्ड सील. अल्ट्रासाउंड करने पर लगाई रोक. स्वास्थ्य विभाग का एक्शन
आगरा के सिकंदरा स्थित जेजे हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन लिया गया है. अस्पताल में 4 जून के बाद फार्म एफ पर डॉक्टर के साइन नहीं होने पर रिकॉर्ड सील कर दिया है और अल्ट्रासाउंड पर रोक लगा दी है.
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव के अनुसार आवास विकास कॉलोनी सिकंदरा स्थित जेजे हॉस्प्टिल में यह कार्रवाई की गई है. नोडल अधिकारी डॉ. एसएन प्रजापति की टीम यहां निरीक्षण को पहुंंची. अस्पताल के रिकॉर्ड चेक किए गए तो 4 जून के बाद फार्म एफ पर डॉक्टर के साइन नहीं मिले हैं. इस पर टीम ने यहां रिकॉर्ड सील कर दिया है और अल्ट्रासाउंड करने पर रोक लगा दी है.
तीन अल्ट्रासाउंड सेंटर किए थे सील
हाल ही में 30 जून को डीएम के आदेश पर शहर के तीन अल्ट्रासाउंड सेंटरों को भी सील किया गया था. डीएम ने पीसीपीएनडीटी की समीक्षा बैठक के बाद इन सेंटरों पर कार्रवाई के आदेश दिए थे. इन तीनों ही सेंटरों ने हर महीने दी जाने वाली फार्म एफ भरकर पीसीपीएनडीटी की रिपोर्ट नहीं भेजी थी.