आगरालीक्स …Agra News: आगरा में हनुमान जयंती, रामकथा के साथ ही भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्मकल्याणक के उपलक्ष्य में अनंत से अरिहंत: आत्मा की यात्रा” विशेष लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया गया।
सजाया गया राम उपवन
श्री हनुमंत जन्मोत्सव के पावन अवसर पर तपस्या फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में आयोजित श्री राम नाम संकीर्तन एवं भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो उठे। “राम उपवन” सजाया गया, जिसमें प्रभु श्री राम के जीवन चरित्र को अपनी तूलिका के माध्यम से संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी द्वारा सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया, मंत्रोच्चारण, संकीर्तन और मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल, मेयर हेमलता दिवाकर, लायंस क्लब इंटरनेशनल के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र चौहान, संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी, संरक्षक नितिन कोहली, मार्गदर्शक आचार्य पंडित सुनील कुमार वशिष्ठ द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
अनंत से अरिहंत: आत्मा की यात्रा” विशेष लाइट एंड साउंड शो
भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्मकल्याणक के उपलक्ष्य में सकल श्वेतांबर जैन श्री संघ के तत्वावधान में “अनंत से अरिहंत: आत्मा की यात्रा” विशेष लाइट एंड साउंड शो का भव्य एवं आध्यात्मिक मंचन सूरसदन प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। यह प्रस्तुति जैन धर्म के मूल सिद्धांतों अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और मोक्ष—का सजीव दर्शन कराती हुई श्रद्धालुओं के हृदय को स्पर्श कर गई।
कार्यक्रम का प्रारंभ मंगलाचरण एवं जैन नवकार मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ। “णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आयरियाणं, णमो उवज्झायाणं, णमो लोए सव्व साहूणं।” इस पावन मंत्रोच्चार ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान महावीर स्वामी का जीवन सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रकाश स्तंभ है। उनके उपदेश आज भी समाज को सही दिशा देने में सक्षम हैं।
राम कथा में केवट संवाद
कावेरी मंदिर कमेटी द्वारा कावेरी कुंज, कमला नगर स्थित कावेरी मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय श्री राम कथा के छठवें दिवस केवट संवाद और सीता हरण प्रसंग का अत्यंत मार्मिक एवं भावपूर्ण वर्णन किया गया। “माँगि नाव न केवट आना, कहइ तुम्हार मरम मैं जाना…” चौपाई की मधुर गूंज के साथ कथा व्यास पंडित श्री भगवान भैया जी ने केवट प्रसंग को जीवंत कर दिया, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा व्यास ने बताया कि केवट की प्रभु श्रीराम के प्रति निष्कपट भक्ति, समर्पण और प्रेम अद्वितीय है। केवट ने प्रभु को पहचानकर उनसे चरण धोने का आग्रह किया और सेवा का अवसर पाकर स्वयं को धन्य माना। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति में न कोई भेद होता है और न ही कोई अहंकार।
इसके साथ ही सीता हरण प्रसंग का वर्णन अत्यंत करुण और भावुक रहा, जिसमें रावण द्वारा माता सीता के हरण की घटना ने श्रद्धालुओं को गहराई से प्रभावित किया। कथा व्यास ने बताया कि यह प्रसंग हमें सतर्कता, धर्म की रक्षा और अधर्म के परिणामों की सीख देता है।कार्यक्रम के दौरान गंगा मैया में केवट और नाव में प्रभु श्रीराम की सजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस मनोहारी प्रस्तुति को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए और भक्ति भाव से सराबोर होकर भगवान के जयघोष करने लगे।