आगरालीक्स ….आगरा में सीसीटीवी से यातायात के नियम तोड़ने वाले 1.26 लाख वाहन चिन्हित, आपका वाहन भी तो नहीं, 7 हजार वाहनों के पंजीकरण निरस्त करने के लिए भेजी गई रिपोर्ट। ( Agra News: Report to cancel registration 7000 vehicle for Violation of Traffic rules#Agra)
आगरा में एमजी रोड सहित शहर के अलग अलग हिस्सों में स्मार्ट सिटी के तहत सीसीटीवी लगे हुए हैं। नगर निगम में स्मार्ट सिटी का कंट्रोल रूम बना हुआ है। चौराहे पर लगे सीसीटीवी से हेलमेल ना पहनने, सीट बेल्ट के बिना कार चलाने, रेड लाइट जम्प करने, रॉंग साइड चलने के साथ ही यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे जा रहे हैं। इस साल अभी तक 1.26 लाख वाहनों के यातायात के नियमों का पालन ना करने पर चालान काटे जा चुके हैं।
5 से अधिक चालान कटने पर पंजीकरण निरस्त करने का प्रावधान
जिन वाहनों के यातायात के नियमों का पालन ना करने पर पांच से अधिक चालान कट चुके हैं और शमन शुल्क जमा नहीं किया गया है, उनके पंजीकरण निरस्त करने का भी प्रावधान है। यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर 500 से एक हजार रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान है।
सात हजार के पंजीकरण निरस्त करने के लिए भेजी गई रिपोर्ट
अपर पुलिस आयुक्त यातायात अमिता सिंह का मीडिया से कहना है कि मई में दो हजार और जून में पांच हजार वाहनों की रिपोर्ट ज्यादा चालान होने पर भेजी गई है जिससे उनके पंजीकरण निरस्त किए जा सकें।
एक वाहन के 100 से ज्यादा चालान भी
सीसीटीवी से किए गए चालान में कई वाहन ऐसे भी हैं जिनके 100 से ज्यादा चालान हो चुके हैं, ऐसे वाहनों की संख्या बहुत अधिक है जिनके 50 से अधिक चालान हुए हैं। वे शमन शुल्क भी जमा नहीं कर रहे हैं।