आगरालीक्स…Agra News: आगरा को झटका, रोमसंस कंपनी आगरा की जगह जेवर नोएडा में 100 करोड़ का निवेश कर बनाएगी फैक्ट्री। आगरा में नए नए निवेशक नहीं आ रहे हैं पुराने उद्यमी भी रास्ता बदलने लगे हैं।
आगरा की सर्जिकल आइटम बनाने वाली देश और दुनिया में प्रतिष्ठित रोमसंस ने अपने विस्तार के लिए आगरा की जगह जेवर नोएडा को चुना है। मंगलवार को लखनऊ में आयोजित फार्मा कान्क्लेव में रोमसंस ने जेवर मेडिकल डिवाइस पार्क में नई फैक्ट्री लगाने के लिए 100 करोड़ के निवेश के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए। रोमसंस की आगरा में पहले से ही बड़ी फैक्ट्री हैं और कई देशों में भी यहां से सर्जिकल आइटम सप्लाई किए जाते हैं ऐसे में कंपनी के लिए आगरा में ही विस्तार करना मुफीद था लेकिन विस्तार के लिए जेवर को चुना है। इससे जेवर में रोमसंस कंपनी के निवेश से युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
आगरा में जमीन ना मिलने और टीटीजेड की पाबंदी से नहीं हो रहा निवेश
आगरा में टीटीजेड की पाबंदी के साथ उद्योग स्थापित करने के लिए प्रशासन जमीन उपलब्ध नहीं करा पा रहा है इससे जो निवेश आगरा में होना चाहिए था वह जेवर और नोएडा की तरफ मुड़ने लगा है। 2022 23 में हुई ग्लोबल समिट में आगरा को करीब तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव मिले थे लेकिन 10 हजार करोड़ का निवेश ही हो सका है। वहीं, लीथीयिम बैटरी के के दो बड़े प्लांट हांगकांग की कंपनी को आगरा में लगाने थे इसके लिए 200 एकड़ जमीन मांगी गई थी जमीन ना मिलने से यह प्रस्ताव भी जेवर चला गया।
आगरा को फार्मास्यूटिकल हब बनाने का किया गया था ऐलान
प्रदेश सरकार ने गैर प्रदूषणकारी उद्योगों को देखते हुए 2021 में आगरा को फार्मास्यूटिकल हब बनाने का ऐलान किया था लेकिन पांच साल में हब बनाने के लिए जिला प्रशासन जमीन ही चिन्हित नहीं कर सका है और किसी तरह का कोई निवेश नहीं हुआ है।