आगरालीक्स…आगरा में गुरु पूर्णिमा पर रोटरी क्लब आफ आगरा ने बच्चों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान. स्कूल बैग बांटे और गुड टच—बैड टच के बारे में समझाया
रोटरी क्लब आगरा के तत्वाधान में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3110 के मंडलाध्यक्ष की महत्वाकांक्षी योजना शिक्षा उदय कार्यक्रम में भागीदारी करते हुए द्वितीय कार्यक्रम कंपोजिट स्कूल रूई की मंडी शाहगंज आगरा में स्कूल बैग वितरित किए गए और उनके लिए एक संवेदनशील एवं शिक्षाप्रद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत उत्साहपूर्ण वातावरण में हुई। स्कूल के शिक्षकों और बच्चों ने रोटरी व्लब के सदस्यों का स्वागत किया।इस अवसर पर, बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श विषय पर एक संवादात्मक सत्र पूर्व अध्यक्ष नम्रता पणिकर एवम् एडवोकेट नम्रता मिश्रा द्वारा किया गया। प्रशिक्षित वक्ताओं ने सरल भाषा और कहानियों के माध्यम से बच्चों को यह समझाया कि कौन-सा स्पर्श अच्छा होता है और कौन-सा उन्हें असहज महसूस कराता है। बच्चों को “ना” कहने का साहस, ख़तरे से दूर भागना और किसी विश्वसनीय व्यक्ति को तुरंत जानकारी देने की सीख दी गई।
इसके बाद बच्चों को स्कूल बैग प्रदान किए गए, जिनमें आवश्यक स्टेशनरी सामग्री भी रखी गई थी। यह छोटे से उपहार उनके लिए नई शुरुआत का प्रतीक बना, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा और नियमित रूप से स्कूल आने की प्रेरणा मिली। सत्र में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, सवाल पूछे और अपनी भावनाएं साझा कीं। शिक्षकों ने भी बच्चों को यह भरोसा दिलाया कि हर बच्चा सुरक्षित रहने का अधिकारी है — चाहे वह घर में हो या स्कूल में। इस आयोजन ने न केवल बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा किया, बल्कि उनके भीतर आत्म-सुरक्षा का बीज भी बोया। बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान और उनकी जागरूकता इस बात की गवाही थी कि यह कार्यक्रम बेहद सफल रहा।
क्लब अध्यक्ष दीनदयाल अग्रवाल ने कहा कि ये सत्र इतने अच्छे कार्य से शुरू हुआ है निश्चित ही बच्चे इसका भरपूर लाभ उठाएंगे , उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में अनेक कार्यक्रम आयोजित करने का वादा किया। कार्यक्रम में नम्रता पणिकर , संगीता अग्रवाल, डॉक्टर आलोक मित्तल, आशीष अग्रवाल, सुनील कपूर, राज मित्तल , रोट्रैक्ट क्लब ऑफ़ आगरा के दिया खेमनानी और अभिकांछ द्वारा बच्चों को स्कूल बैग दो कॉपी और पेंसिल सेट के साथ बिस्किट भी वितरित किए गए। कॉपी विवेक मोहन अग्रवाल जी द्वारा प्रदान की गई। विद्यालय प्रधानाध्यापिका फ़ातिमा द्वारा बच्चों के लिए शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए रोटरी क्लब ऑफ़ आगरा को धन्यवाद दिया गया। अध्यापक वाक़िफ़ ख़ान , शिक्षा मित्र पूनम, शिक्षा मित्र बेबी तबस्सुमआदि भी कार्यकर्म में मौजूद रहे।