आगरालीक्स…आगरा में शराब को लेकर बवाल. महिलाओं ने ठेके पर काटा हंगामा, शराब की बोतलें फोड़ीं…हाइवे पर लगा जाम
आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र में आज महिलाओं ने शराब के ठेके पर जमकर हंगामा काटा. उन्होंने हंगामा करते हुए शराब की बोतलें सड़क पर फोड़ डालीं और सामान हाइवे पर फेंक दिया. महिलाओं के इस प्रदर्शन से एकबारगी हाइवे पर जाम भी लग गया. हाइवे पर नगर पालिका परिषद कार्यालय के पास मलिन बस्ती मोहल्ला सतौली जाटवान में आबादी क्षेत्र में देसी शराब के ठेके का विरोध कर रही क्षेत्रीय महिलाओं ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया. सुबह-सुबह हाथों में लाठी डंडे लेकर पहुंची महिलाओं की भीड़ को देख दुकान संचालक भाग खड़े हुए. भीड़ ने ठेका पर पहुंच जमकर तोड़फोड़ करते हुए सारा सामान हाइवे पर फेंक दिया. अचानक हुए इस घटनाक्रम से अफरा-तफरी मच गई. सामान की हाइवे पर फिंकाई करने से यातायात बाधित हो गया.
शराब के क्वार्टर हाइवे पर फेंकने पर लूट मच गई. पियक्कड़ उन्हें उठाकर ले जाने लगे. करीब एक घंटे तक बवाल के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. महिलाओं का कहना था कि आबादी में शराब का ठेका खुलने का वह पहले से विरोध कर रही हैं. पुलिस प्रशासन को भी इस संबंध में कई बार अवगत करा चुकी हैं. इधर पुलिस-प्रशासन भी आबादी क्षेत्र में चल रहे शराब के ठेका को हटाने के लिए आबकारी विभाग को अपनी संस्तुति दे चुका है.