आगरालीक्स:…Agra News: आगरा के एक बड़े मॉडल शॉप पर रेकी के बाद कार्रवाई, बिना बिल के 1.18 करोड़ की बिक्री पकड़ी। स्टेशनर्स के स्टॉक में 1.31 करोड़ का मिला अंतर। ( Agra News : SGST investigation on Model Shop & Stationery shops in Agra#Agra)
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा के संजय प्लेस में सुमित यादव का गुफा मॉडल शॉप है, मॉडल शॉप से जुड़ा हुआ रेस्टोरेंट भी है लेकिन रेस्टोरेंट का पंजीकरण नहीं था। एसजीएसटी मुख्यालय में गुफा मॉडल शॉप से बिना बिल के बिक्री करने की शिकायत मिली थी, एसजीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा की रेंज ए ने आठ दिन तक रेकी की। इसके बाद अपर आयुक्त ग्रेड वन पंकज गांधी और अपर आयुक्त ग्रेड टू अंजनी कुमार के निर्देशन में संयुक्त आयुक्त चंद्रकांत रलहन द्वारा मंगलवार को संजय प्लेस स्थित गुफा मॉडल शाप पर कार्रवाई की गई।
बिना पंजीकरण के चल रहे रेस्टोरेंट से 1.18 करोड़ की बिक्री
एसजीएसटी टीम की जांच में सितंबर 2024 से सितंबर 2025 तक बिना बिल के 1.13 करोड़ रुपये की बिक्री मिली है, जबकि सेवा प्रदाता को 20 लाख रुपये और विक्रेता फर्म को 40 लाख रुपये का टर्नओवर होने पर एसजीएसटी में पंजीकरण कराना चाहिए। जबकि फर्म का पंजीकरण नहीं था। विभाग द्वारा 1.13 करोड़ की बिक्री पर जुर्माने के साथ ही कर का आकलन भी किया जाएगा।
स्टेशनर्स के स्टॉक में मिला अंतर
एसजीएसटी की टीम ने संजय प्लेस स्थित श्याम जी स्टेशनर्स पर भी जांच की, इसमें लेखा पुस्तकों में दर्ज स्टॉक और भौतिक सत्यापन में 1.31 करोड़ का अंतर मिला है। स्टॉक में पाए गए अंतर पर धनराशि जमा कराई जा रही है। इसी परिवार की दूसरी फर्म द साइन की भी जांच की गई, इसमें भी स्टॉक के सत्यापन में अंतर मिला है।