आगरालीक्स ….Agra News: आगरा में संवेदनशील जगहों पर घूमने वाले कुत्तों के लिए शेल्टर होम बन रहा है, इसमें दो हजार कुत्तों को रखा जा सकेगा। ( Agra News: Shelter Home for 2000 dogs in Bundukatara, Agra#Agra)
सुप्रीम कोर्ट ने अस्पताल, शिक्षा संस्थान, बस स्टैंड सहित संवेदनशील जगहों से कुत्तों को हटाने के निर्देश दिए थे। अभी तक नगर निगमी की टीम इन स्थानों से कुत्तों को पकड़ कर ले जाती थी, इनकी नसबंदी करने के बाद उसी जगह पर छोड़ दिए जाते थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कुत्तों को उसी जगह पर नहीं छोड़ा जाएगा।
बुंदूकटरा में चिन्हित किया गया भवन
नगर निगम ने कुत्तों के शेल्टर होम के लिए बुंदूकटरा में एक भवन चिन्हित किया है, इसे तैयार कराया जा रहा है। इसमें दो हजार कुत्तों को रखा जा सकेगा। स्कूल, अस्पताल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन से नगर निगम की टीम कुत्तों को पकड़ेगी, इनकी नसबंदी कराई जाएगी इसके बाद शेल्टर होम में रखा जाएगा।
विभागों में बनेंगे नोडल अधिकारी
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह का कहना है कि अस्पताल, स्कूल, विश्विविद्यालय, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन प्रशासन को पत्र लिखा गया है वे एक नोडल अधिकारी नामित करेंगे उनके संपर्क में नगर निगम की टीम रहेगी। जिससे कुत्तों को पूरी तरह से हटाकर शेल्टर होम में रखा जा सके।