आगरालीक्स…आगरा में संत साँई कंवर राम जी के बलिदान दिवस पर हुआ उनके जीवन पर आधारित फिल्म का प्रीमियर लांच..मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास
श्रद्धेय श्री राजकुमार सामा जी विचार मंच के बैनर तले आर.ए. मूवीज़ द्वारा आगरा के प्रमुख समाजसेवी- उद्यमी पूरन डावर के पूज्य माता-पिता स्वर्गीय श्रीमती सतवंती डावर जी एवं स्वर्गीय श्री लालचंद डावर जी की पावन स्मृति को सादर समर्पित एवं सिंधी समाज के पूज्य संत साँई कंवर राम जी के बलिदान दिवस पर उन्हीं के पावन जीवन पर आधारित लघु फ़िल्म का प्रीमियर लॉन्च समारोह रविवार को पँचकुइयाँ स्थित माथुर वैश्य भवन पर गरिमामय रूप से सम्पन्न हुआ। इस गरिमामय समारोह में गणमान्य अतिथि के रूप में इंदौर के सांसद श्री शंकर लालवानी, केंद्रीय राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, सोमनाथ धाम के पूज्य संत जहाजनाथ महाराज, प्रमुख उद्यमी पूरन डावर और संस्कार भारती के बांकेलाल गौड़ की उत्साहवर्धक उपस्थिति रही।
सम्मानित अतिथियों ने भगवान झूलेलाल और भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण, समक्ष दीप जलाकर और और मंच के मध्य में सनातन धर्म पद्धति का प्रतीक घंटी बजाकर फिल्म प्रीमियर लॉन्च समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत साँई कंवर राम जी का सम्पूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, भक्ति, मानवता और निस्वार्थ सेवा का अनुपम उदाहरण है। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं आगरा के लोकप्रिय सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि उनका जीवन दर्शन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनकी पावन स्मृतियों को समर्पित यह आयोजन हम सभी के लिए श्रद्धा, गौरव एवं आध्यात्मिक आनंद का अवसर है।
कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि हम सबको संत कँवर राम जी जैसे महान संतों के चरित्र को जीवन में उतारना चाहिए । सभी अतिथियों ने राजकुमार सामा विचार मंच के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि संत साँई कंवर राम जी जैसे महान संतों के जीवन पर आधारित ऐसी फ़िल्में सनातन संस्कृति और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं।
राजकुमार सामा विचार मंच के संयोजक फिल्म निर्माता रंजीत सामा एवं विजय सामा, सह निर्माता नारायण दास लालवानी, कमल मतलानी एवं नरेन्द्र कश्यप ‘गुन्नी भाई’, लेखक निर्देशक सूरज तिवारी, गीतकार संजय दुबे एवं सूरज तिवारी, स्टोरी आइडिया धर्मपाल कश्यप ‘बाबू भाई’ एवं व्यवस्था प्रमुख जयरामदास ने अतिथियों का स्वागत किया। विजय सामा ने समारोह का संचालन किया। फिल्म में संत साँई कँवर राम की भूमिका निभाने वाले जितेश आसीवाल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। एलईडी स्क्रीन पर फिल्म प्रीमियर के दौरान संत साँई कँवर राम के जीवन से जुड़े भावपूर्ण और भक्ति पूर्ण मार्मिक दृश्य देखकर तथा सुमधुर गीत- संगीत से सजे भजन सुनकर पूरा सभागार “जय झूलेलाल! और संत साँई कंवर राम!” अमर रहें के जयघोष से गूँज उठा। घनश्याम देवनानी, चंद्र प्रकाश सोनी, गिरधारी लाल भगत्यानी, जितेंद्र त्रिलोकानी, निर्मला दीक्षित, सुधीर भोजवानी, हेमंत भोजवानी, विनोद शीतलानी, प्रमोद महाजन, राहत जहाँ खानम, पूर्व राजा जनक प्रमोद वर्मा, जेठा भाई, परमानंद अवतानी सहित समारोह में बड़ी संख्या में सिंधी समाज सहित शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।