आगरालीक्स…मनवा घबराये मोरा बहे पूरवैया, झूला डाला है नीचे कदम्ब की छैयां..आगरा के श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर में महिलाओं ने लगायी मेहंदी. हरे पुष्पों से किया श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार
सावन के आनंद में सराबोर श्याम सखियां। उत्साह, उमंग के साथ मेहंदी लगाने की चाहत में महिलाएं आतुर दिखी। हाथों में मेहंदी रचा ढोलक- मंजीरों की थाप पर लोकगीतों पर झूमती महिलाएं। हरे पुष्प और पत्तो से सजे खाटू नरेश के होते अलौकिक दर्शन। ये नजारा था कटरा जोगीदास ताजगंज स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर पर हरियाली तीज उत्सव का। झूला तो पड़ गए अमुआ की डाल पर.., मनवा घबराये मोरा बहे पूरवैया, झूला डाला है नीचे कदम्ब की छैयां…, सावन का महीना, झुलावे चित चोर, धीरे झूलो राधे पवन करे शोर.., सखियां करे क्या जाने हमको इशारा, मन्द मन्द बहे जल यमुना की धारा… जैसे लोकगीतों पर महिलाएं खुद को नृत्य करने से न रोक सकीं।
सभी भक्तों को प्रसाद के रूप में श्याम बाबा के नाम की मेहंदी का वितरण किया गया। हरे के रंग फूलों से सजे मंदिर में खाटू नरेश के दर्शन को भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों को आरती के बाद महंत पिंटू मिश्रा ने प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष राजू गोयल, सचिव मयंक अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, संजीव पोरवाल, सुभाष अग्रवाल, परिवेश, शालिनी, नम्रता, उर्मिला, मधु, भूमिका, वर्षा, रुचिका, संध्या, सुमन, अनु, रिचा, टीना, साक्षी, सविता, मीनू आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।