आगरालीक्स…आगरा में एसएन हॉस्पिटल और नूरी दरवाजा से गुजरने वाला नाला होगा ठीक. 77 लाख रुपये से नाला दोबारा बनेगा और पूरा कवर होगा.
एसएन मेडिकल कॉलेज और नूरी दरवाजा क्षेत्र में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने भ्रमण किया। उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के साथ टीबी वार्ड के पीछे से गुजरने वाले नाले का निरीक्षण किया। टूटे और खुले हुए नाले को देखने के बाद महापौर ने नाले निर्माण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
नूरी दरवाजा क्षेत्र से गुजरने वाला नाला एसएन मेडिकल कॉलेज होते हुए निकलता है। जर्जर हो चुके नाले में बारिश होने पर जलभराव हो जाता है। इससे क्षेत्रवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों की शिकायत के बाद में महापौर ने सोमवार को नाले का स्थलीय निरीक्षण करके नाला निर्माण और नाले पर पुलिया का निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
महापौर ने बताया कि नगर निगम के जोन-1 की कक्ष संख्या-68 नूरी दरवाजा टीबी वार्ड स्थित नाले का निर्माण सहित कवर करने का कार्य 48 लाख 50 हजार रुपए की धनराशि और इसी नाले के पास पुलिया निर्माण का कार्य 27 लाख 48 हजार 950 रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही टेंडर को स्वीकृती मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।