आगरालीक्स…आगरा के एसएन में शुरू हुई पेरिटोनियल डायलिसिस की सुविधा. मरीज घर पर करा सकता है डायलिसिस. प्रशिक्षित स्टाफ और टैक्नीशियन खुद जाएंगे आपके घर
सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलियटी ब्लॉक के नेफ्रोलॉजी विभाग में किडनी मरीजों को अब हीमोडायलिसिस के साथ-साथ अब पेरिटोनियल डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। जिसमें मरीज अपने घर पर खुद से अपनी डायलिसिस कर पायेगा। जिसके बारे में प्रशिक्षित स्टाफ एवं टैक्नीशियन द्वारा मरीज को पेरीटोनियल डायलिसिस प्रक्रिया अस्पताल से सिखाकर घर भेज दिया जाता है। उसके बाद मरीज खुद से घर पर डायलिसिस कर सकता है।
नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ मुदित खुराना ने बताया कि सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के नेफ्रोलॉजी विभाग में 11 सितंबर को मरीज मो. इदरीश आये जिनकी आयु 52 वर्ष है। मरीज पिछले पाँच सालों से किडनी सम्बंधी बीमारी से पीड़ित हैं । उन्हे सप्ताह में दो से तीन बार हीमोडायलिसिस कराने अस्पताल जाना पड़ता है,जोकि बहुत मुश्किल होता था। पेरिटोनियल डायलिसिस का विकल्प मिलने के बाद उन्हे काफ़ी सुविधा हो गई है।उन्हें सप्ताह में तीन बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं है और वह अपनी डायलिसिस अब घर पर अच्छे तरीके से करते हैं। इसके अतिरिक्त यह देखने को मिला है कि आज के समय में काफी लोग किडनी की बीमारी से पीडित हैं और डायलिसिस करवा रहे हैं।जिसकी वजह से उन्हें बार-बार अस्पताल आना पड़ता है।
एस एन मेडिकल कॉलेज आगरा के प्रधानाचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने बताया कि पेरिटोनियल डायलिसिस की सुविधा एस एन मेडिकल कॉलेज आगरा में उपलब्ध है। मरीजों को अब दिल्ली, जयपुर एवं लखनऊ जैसे शहर में जाने की आवश्यकता नहीं है। यह सुविधा मरीज़ों के लिए न केवल समय और धन की बचत करेगी बल्कि उन्हें एक बेहतर और सामान्य जीवन जीने का अवसर भी देगी। मेडिकल कॉलेज के सुपरस्पेशलिटी विंग के नेफ़्रोलॉजी विभाग में डॉ अपूर्व जैन , डॉ मुदित खुराना व डॉ कैरवी भारद्वाज किडनी की समस्या से पीड़ित मरीजों का इलाज कर मरीजों को राहत दे रहे हैं ।