आगरालीक्स…आगरा में उज्जैन से आएगी महाकाल की पालकी. महाकाल गर्भगृह के होंगे दर्शन…हनुमान जयंती को लेकर भव्य शोभायात्रा निकलेगी. रामलला की भी झांकी होगी आकर्षित…
श्री केसरीनंदन महोत्सव समिति की ओर से संजय प्लेस स्थित होटल पी.एल. पैलेस में श्री हनुमंत शोभायात्रा व उज्जैन के बाबा महाकाल की पालकी यात्रा के आमंत्रण पत्र का समिति के पदाधिकारियों ने विमोचन किया। महंत योगेश पुरी, संरक्षक अजय अवगढ़ और संस्थापक सुधीर शर्मा ने बताया कि हनुमान जयंती पर दो दिवसीय कार्यक्रम में 11 अप्रैल को आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी और 13 अप्रैल को प्रातः दस बजे प्राचीन कुएं वाला मंदिर पर रामलला व हनुमानजी का महाभिषेक किया जाएगा और शाम को श्री मन:कामेश्वर नाथ की नगरी में उज्जैन से महाकाल की पालकी आगरा पधारेगी। महाकाल के भक्तो के सहयोग से 13 अप्रैल को फुलट्टी चौराहे से दोपहर दो बजे शोभायात्रा शुरू होगी। जिसमे महाकाल की पालकी, रामलला की झांकी, महाकाल गर्भगृह के दर्शन और दिव्य छप्पन भोग के अलौकिक दर्शनों के लिए आगरा मंडल के श्रद्धालु पहुंचे।
अध्यक्ष गौरव बंसल ने बताया कि शोभायात्रा में इस बार 35 डोले, शहर के 15 प्रमुख बैण्ड और मथुरा से मां काली का आकर्षक अखाड़ा शामिल हो रहा है। मार्ग में पुष्प व इत्र वर्षा और मुख्य चौराहे पर आतिशबाजी की जाएगी। हनुमंत बाबा जी की शोभायात्रा में शहर की जनता बढचढ भागीदारी करे और धर्मलाभ उठाए। यात्रा संयोजक कुमुद वर्मा ठाकुर ने बताया कि शोभायात्रा फुलट्टी चौराहे से सिंधी बाजार, फुब्बारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, बेलनगंज, पथवारी, घटिया चौराहा से छिली इंट होती हुई फुलट्टी चौक पर समाप्त होगी। जिसमे 48 प्रमुख स्थानों पर महाआरती व भव्य स्वागत किया जाएगा।
यात्रा में भक्त रखे नियमों का ध्यान
महाकाल डोला प्रभारी गप्पू शर्मा ने बताया कि महाकाल की पालकी के पास कोई भी भक्त पैर में चप्पल व जूते या चमड़े की बेल्ट, पर्स जैसी वस्तु ना लेकर आए, महाकाल के विग्रह के पास भारतीय वेशभूषा में पालकी के अंदर घुसकर नहीं बल्कि दूर से आरती करे। नियमों का विशेष ध्यान रखे ताकि हर भक्त को दर्शन लाभ मिल सके।