आगरालीक्स…आगरा में 15 साल की बीमार बेटी के इलाज के लिए तंत्र—मंत्र के चक्कर में फंसा परिवार. 11 लाख रुपये भी गंवा बैठे और बेटी की भी हो गई मौत…पुलिस अब कर रही तांत्रिक की तलाश
आगरा के थाना सदर में एक परिवार से तांत्रिक ने बीमार बेटी के इलाज के नाम पर 11 लाख रुपये ठग लिए. 15 साल की बेटी के इलाज के लिए परिजन तंत्र मंत्र के चक्कर में फंस गए. इलाज के अभाव में बेटी की भी मौत् हो गई और 11 लाख रुपये भी चले गए. ठगी का अहसास होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने पांच के खिलाफ केस दर्ज किया है. इनमें चार आरोपी बिजनौत् के बताए गए हैं. पुलिए इनकी तलाश कर रही है.सदर में रहने वाली महिला ने दर्ज कराए केस में पुलिस को बताया कि 15 साल की बेटी बीमार रहती थी. डॉक्टरों को दिखाने पर भी उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ. 2021 में दिल्ली में एक चिकित्सक को दिखाया. वहां से आगरा ट्रेन से लौट रहे थे तो दीपक नाम का युवक मिला. उससे बातचीत हुई तो उसने कहा कि बेटी पर ऊपरी चक्कर है. उसके गुरु हरिद्वार में हैं, वहां चले जाना. तंत्र—मंत्र से इलाज कर देते हैं. इस पर परिजन बेटी को हरिद्वार ले गए जहां दीपक ने मल्लू नामक व्यक्ति से मिलवाया. बेटी को दिखाने के बाद उन्होंने कहा कि 31 हजार की पूजा होगी.
इसके बाद जैसे—जैसे माता रानी की बेटी पर कृपा होगी, आपको बड़ी पूजा करानी होगी. कुछ दिन बाद मल्लू अपने चेलों के साथ उनके घर आया और कहा कि पूजा बहुत जरूरी है. 3.5 लाख रुपये का खर्चा बताया. परिजन राजी हो गए और रुपये दे दिए. रात में कथित तांत्रिक मल्लू ने पूजा शुरू की. पूजा के बाद मल्लू ने मोबाइल मांगा तो उसे खरीदकर दिया. कुछ दिन बाद फोन करके एक और पूजा कराने के लिए बिजनौर बुलाया. वहां श्मशान पर पूजा की और चार लाख रुपये और ले लिए. कई बार में आरोपियों ने 11 लाख रुपये ले लिए.
महिला ने बताया कि नौ जनवरी 2025 को बीमारी के कारण बेटी की मौत हो गई. लेकिन आरोपी तांत्रिक अब भी माता रानी के नाराज होने की बात कहकर 3.5 लाख रुपये और देने का दबाव बना रहा है. बेटी की मौत के बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ. इस पर अब पुलिस से शिकायत की है. डीसीपी सिटी ने बताया कि चार लोग मल्लू उर्फ विजय, दीपक, सचिन, कल्लन सिंह और अर्जुन सिंह को नामजद किया है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. एक टीम को बिजनौर भेजा गया है.