आगरालीक्स…आगरा पुलिस ने धरा गोल्डन बाबा. महिलाओं के बीच कहासुनी का वीडियो बना रहे थे पुलिसकर्मी. सफारी से पहुंचा गोल्डन बाबा. अभद्रता कर पुलिसकर्मियों से छीने मोबाइल….अब पुलिस ने भेजा जेल
आगरा की थाना सिकंदरा पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर एक दबंग को अरेस्ट कर लूट के मुकदमे में जेल भेजा है. आरोपी का नाम संजय भारद्वाज उर्फ गोल्डन बाबा है. महिलाओं के बीच कहासुनी का वीडियो बना रहे पुलिसकर्मियों के साथ इसने न सिर्फ अभद्रता की बल्कि पुलिसकर्मियों के मोबाइल भी छीन लिए. वायरलेस पर सूचना के बाद पुलिस ने कुछ ही देर में इस गोल्डन बाबा को अरेस्ट कर लिया. एसएसपी के आदेश में इसे जेल भेजा गया है.
जानिए क्या है मामला
मामला थाना सिकंदरा क्षेत्र का है. शुक्रवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि शेखर रेजीडेंसी के पास कुछ महिलाओं के बीच कहासुनी हो रही है. इस पर चीता पुलिस के दो सिपाही मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहासुनी कर रही महिलाओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन वो नहीं मानी जिस पर चीतापुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं की कहासुनी का वीडियो बनाया जाने लगा. इस दौरान वहां पर टाटा सफारी में सवार संजय भारद्वाज उर्फ गोल्डन बाबा निवासी जगदीशपुरा अपने आठ दस अज्ञात लोगों केसाथ वहां आया और मोबाइल से वीडियो बना रहे पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करना शुरू कर दी. आरोप है कि गोल्डन बाबा ने भद्दी भद्दी गालियां देते हुए वीडियो बनाने पर पुलिसकर्मियों के मोबाइल छीन लिए. वायरलेस पर सूचना देने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने तत्कार आरोपी को ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया. मामला एसएसपी प्रभाकर चौधरी के संज्ञान में आ गया. उन्होंने तत्कार आरोपी के खिलाफ मकदमा दर्ज कर उसे आज सुबह जेल भेज दिया है.