आगरालीक्स….आगरा के गुरुद्वारा गुरु का ताल में कवि दरबार के साथ प्रारंभ हुआ गुरमत समागम..32 कवि अपनी रचनाएं पढ़ने के लिए पहुंचे
गुरुद्वारा गुरु का ताल में 39 वा वार्षिक तीन दिवसीय गुरुमत समागम की शुरुआत गुरुवार शाम को कवि दरबार के साथ हुई। यह तीन दिवसीय समागम गुरुद्वारा गुरु का ताल की दो दशकों से अधिक समय तक सेवा संभालने वाले संत बाबा साधू सिंह जी मौनी और संत बाबा निरंजन सिंह जी की याद में विगत 38 वर्षों से निरंतर मनाया जा रहा है। संत बाबा साधू सिंह मौनी जी ने सन 1971 में हजूर साहिब नांदेड़ से आकर यहां सेवा संभाली और गुरुद्वारा गुरु का ताल को यह विशालता व भव्यता प्रदान करने में अपना जीवन लगा दिया। संत मोनी जी के बाद संत बाबा निरंजन सिंह जी ने यह सेवा संभाली।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी ने बताया कि नावे गुरु ,गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज के इस ऐतिहासिक स्थान की सेवा संभालने वाले इन दोनों महापुरुषों की याद में यह समागम निरंतर किया जा रहा है ।पहले दिन प्रतिवर्ष कवि दरबार का आयोजन किया जाता है ।जिसका उद्देश्य पंजाबी साहित्य और कवियों को मंच प्रदान करना है। प्रतिवर्ष समागम के दौरान पंजाबी के वरिष्ठ कवियों को यहां आमंत्रित किया जाता रहा है ।इस वर्ष भी लगभग 32 कवि यहां शिरकत करने आए हैं ।जिन्होंने मुख्य रूप से गुरुओं के इतिहास , गुरु तेग बहादुर साहिब ,गुरु गोविंद सिंह जी व चार साहिबजादो की मैदान-ए-जंग में दिखाई गई वीरता और शहादत , मुगलिया अत्याचार जैसे विषयों से संबंधित अपनी रचनाएं यहां सुनाई है ।जिसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में पंजाबी साहित्य व अपने इतिहास की प्रति रुचि पैदा करना व उसे जानना है।

शाम के दीवान में आयोजित हुए कवि दरबार से पूर्व गुरुद्वारा गुरु का ताल के हजूरी रागी भाई हरजीत सिंह ,भाई लवप्रीत सिंह ने कीर्तन की हाजिरी भरी साथ ही ज्ञानी केवल सिंह जी ने गुरमत विचार सांझा किये। कीर्तन दरबार के दौरान बाबा अमरीक सिंह, जत्थेदार राजेंद्र सिंह इंदौरिया ,महंत हरपाल सिंह, ग्रंथी सतवीर सिंह सुशील परमजीत सिंह सरना, दलजीत सिंह सेतिया ,श्याम भोजवानी आदि मौजूद रहे।
प्रतिवर्ष कवियों की बढ़ रही है संख्या
यूं तो पूरे देश भर में सिख धार्मिक स्थान पर कीर्तन दरबार व समागम निरंतर होते रहते हैं लेकिन इतने बड़े स्तर का कवि सम्मेलन कहीं और नहीं होता है। इस वर्ष कवि सम्मेलन में 32 कवि अपनी रचनाएं पढ़ने के लिए पहुंचे जबकि आमतौर पर यह संख्या 20 के आसपास रहती थी। कवि सम्मेलन में आए वरिष्ठ कवियों का मानना था कि यदि देशभर में आयोजित होने वाले बड़े धार्मिक समागमों में यदि सिख कवियों सम्मेलन निरंतर आयोजित हो तो इससे पंजाबी साहित्य का तो आधुनिक विकास होगा ही साथ ही साहित्य के क्षेत्र में नई पीढ़ी की भी और रुचि बढ़ेगी। कवियों ने बाबा प्रीतम सिंह जी कि इस प्रयास को पंजाबी साहित्य के लिए संजीवनी करार दिया ।
2 अक्टूबर को सजेगा कीर्तन दरबार
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय समागम का मुख्य कार्यक्रम 2 अक्टूबर को रहेगा ।सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक और शाम को 6:00 बजे से रात 12:00 बजे तक कीर्तन समागम आयोजित होगा ।जिसमें देश के अनेक रागी जत्थे ,धर्म प्रचारक ,कथावाचक व प्रमुख गुरुद्वारों के जत्थेदार साहिबान शिरकत करेंगे। मुख्य रूप से दरबार साहिब अमृतसर से सिंह साहब निशांन सिंह ,गुरुद्वारा बंगला साहिब नई दिल्ली से ज्ञानी रणजीत सिंह,गुरुद्वारा शीशगंज चांदनी चौक दिल्ली से ज्ञानी अंग्रेज सिंह ,रागी भाई हरजोत सिंह जख्मी, रागी भाई तरनवीर सिंह रब्बी मुख्य रूप से हाजरी भरने आ रहे हैं साथ ही वीर रस की रचनाओं को सुनाने के लिए बीबी दलेर कौर खालसा अपने जत्थे के साथ हाजिरी भरेंगी।