आगरालीक्स…आगरा में 33 किलो चांदी लूट की घटना फर्जी निकली. जिन आंखों में मिर्च झोंककर चांदी लूटने की थी सूचना, उन आंखों में आंसू नहीं थे. पुलिस ने ऐसे खोल दिया राज
आगरा में चांदी कारीगर से 33 किलो चांदी लूट की घटना फर्जी निकली. कारीगर ने 15 लाख रुपये का कर्जा उतारने के लिए लूट की झूठी कहानी रची थी. पुलिस ने आंखों में आंसू न होने पर शक जताया और फिर कड़ाई से पूछताछ करने में इस मामले का खुलासा कर दिया.
एसएसपी सुधीर कुमार के अनुसार बुधवार को थाना एत्माद्दौला के पीछे चांदी कारीगर रिंकू पुत्र सोहनबाबू निवासी सीता नगर एत्माद्दौला ने सूचना दी कि अपाचे सवार बदमाश उसकी आंखों में मिर्च झोंककर उसके पास मौजूद 33 किलो चांदी का माल लूट ले गए हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने हर एंगल से इसकी जांच की और मेडिकल के लिए रिंकू को जिला अस्पताल पहुंचा. पुलिस को लूट फर्जी होने का शक तब हुआ जब रिंकू की आंखों में पुलिस ने आंसू नहीं देखें. आंखों में मिर्च चले जाने पर बुरी तरह से जलन होती है और आंखों से आंसू बहने लगते हैं लेकिन रिंकू की आंखों में आंसू नहीं थे. इस पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी भी चेक किए लेकिन कहीं से कोई ठोस सबूत न मिलने पर पुलिस ने रिंकू से कड़ाई से पूछताछ की.
पुलिस पूछताछ में रिंकू ने बताया कि उसके ऊपर 15 लाख रुपये का कर्जा है. इसे चुकाने के लिए ही उसने झूठी चांदी लूट की सूचना दी थी. पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.