आगरालीक्स…आगरा के इस मुख्य रोड को फोर लेन में बदला जाएगा. इनडोर स्टेडियम के लिए भी स्थान का चयन. पालीवाल पार्क और सिकंदरा मंडी में भी होंगे ये काम
आगरा में विकास भवन में गुरुवार को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति 'दिशा' की बैठक हुई. इस बैठक में जानकारी दी गई कि खेरिया मोड अजित नगर में स्थित राजकीय भूमि पर इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा. इसमें कोई रुकावट नहीं है. इसके साथ ही एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल से मलपुरा तक फ़ॉर लेन रोड बनाया जाएगा. पालीवाल पार्क को और अधिक सुंदर बनाने और सिकंदरा मंडी को अतिक्रमण मुक्त करने का भी निर्णय लिया गया.यह बैठक सांसद राजकुमार चाहर की अध्यक्षता हुई जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल तथा जनपद के जनप्रतिनिधि राज्य सभा सदस्य नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल जी, डॉ.जीएस धर्मेश, चौ.बाबूलाल, छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे, आकाश अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख भी उपस्थित रहे. बैठक में सबसे पहले अंतर्राष्ट्रीय आलू अनुसंधान केन्द्र सींगना की स्थापना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार प्रकट किया गया. इसके बाद बैठक की अनुपालन आख्या तलब की.
बैठक में विधायक कैंट द्वारा अमृत 2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत आगरा पेयजल योजना में अन्य जगह कार्य प्रगति पर होने, लेकिन ताजगंज एवं बंदू कटरा जोन में 05 करोड़ की लागत से प्रस्तावित कार्यों हेतु डीपीआर मुख्यालय प्रेषित किए जाने के प्रकरण को रखा.जिसमें बताया गया कि संशोधित योजना में छूटी हुई अन्य बस्तियों को भी शामिल किया गया है. अध्यक्ष ने संशोधित डीपीआर में संबंधित सभी क्षेत्रों को शामिल करने के निर्देश दिए. बैठक में जल निगम की भी समीक्षा की गई.
बैठक में मेट्रो द्वारा रामलीला ग्राउंड में मंच व सीढ़ियों का रेस्टोरेशन न करने पर नाराजगी व्यक्त की गई तथा मेट्रो द्वारा जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में पीएम सूर्यघर योजना, लघु सिंचाई विभाग द्वारा नालों की सफाई के कार्य की समीक्षा कर उचित निर्देश दिए गए, माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत 35 पैरामीटर्स के कार्यों, पुरानी तहसील खेरागढ़ की जगह पर धनराशि मिलने पर भी राजकीय इंटर कॉलेज के निर्माण का न होना तथा आगरा में राजकीय इंटर कॉलेज के सामने खाली जगह में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना हेतु क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी द्वारा निदेशालय प्रस्ताव भेजे जाने तथा विभिन्न आईटीआई, व राजकीय इंटर कॉलेज में स्टाफ की नियुक्ति आदि हेतु निर्देशित किया गया.बैठक में मंडी परिषद की समीक्षा की गई, जनप्रतिनिधियों द्वारा फल सब्जी मंडी सिकंदरा में बाहरी व्यक्तियों द्वारा अतिक्रमण व अवैध वसूली का प्रकरण रखा गया. अध्यक्ष द्वारा मंडी सचिव को तलब किया लेकिन वह बैठक से अनुपस्थिति मिले, अध्यक्ष द्वारा मंडी सचिव को बिना अनुमति बैठक से गैरहाजिर रहने पर कड़ी नाराजगी प्रकट की तथा जवाब तलब करने के निर्देश दिए तथा सिटी मजिस्ट्रेट व पुलिस प्रशासन के साथ कड़ाई से अतिक्रमण हटाने तथा अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए.
बैठक में स्मार्ट सिटी द्वारा प्रस्तावित खेरिया मोड पर इनडोर स्टेडियम की प्रगति की समीक्षा की गई, चिह्नित की गई भूमि के रिकॉर्ड देखने के बाद बताया गया कि राजकीय भूमि है, अध्यक्ष ने इनडोर स्टेडियम हेतु अग्रिम कार्यवाही करने के निर्देश दिए. बैठक में पीडब्ल्यूडी विभाग की समीक्षा की गई जिसमें पीएम ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 500 व 500 से अधिक आबादी की अनजुड़ी बसावटों को संपर्क मार्गों से जोड़ने, नई सड़कों के निर्माण प्रस्ताव, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, गड्ढा मुक्ति की समीक्षा कर संबंधित को उचित निर्देश दिए गए. बैठक में निराश्रित गौवंश संरक्षण केंद्रों, समाज कल्याण विभाग, विद्युत विभाग, पंचायती राज विभाग के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय, पंचायत सचिवालय आदि कार्यों की समीक्षा कर उचित निर्देश दिए गए.
बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा में पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम कुसुम सोलर पंप, खेत तालाब योजना तथा जनपद में आगामी फसल बुवाई हेतु डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह, डीएफओ राजेश कुमार, सीडीओ प्रतिभा सिंह, सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, एडीए सचिव श्रद्धा शांडिल्य सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।