आगरालीक्स…आगरा में छह माह की गर्भवती पत्नी पर पति का शक. कहा—ये बच्चा मेरा नहीं, कराउंगा डीएनए. पत्नी ने भी रखी ये शर्त…..जानें पति—पत्नी के बीच का अजीब मामला…
आगरा में हर रविवार को परिवार परामर्श केंद्र लगाया जाता है. यहां फैमिली के बीच, खासकर पति—पत्नी के बीच हुए झगड़े की काउंसलिंग की जाती है. उनके बीच हुई अनबन की वजह को जानकार दोनों में समझौते का प्रयास किया जाता है लेकिन कभी—कभी परिवार परामर्श केंद्र पर पति—पत्नी के बीच विवाद के कई अजीबोगरीब मामले समाने आ जाते हैं. आज रविवार को भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया जिसमें पति—पत्नी के बीच शक ने गहराई से अपनी जगह बना ली है.
ये है मामला
मामला आगरा के रहने वाले एक दंपत्ति का है. दोनों की शादी कुछ साल पहले हुई है. इनके पहले से बच्चे हैं. पत्नी फिलहाल छह माह की गर्भवती है. पति एक कंपनी में कर्मचारी है लेकिन वह पत्नी के चरित्र पर शक करता है. पति का कहना है कि पत्नी की कोख में पल रहा यह बच्चा उसका नहीं है. पत्नी ने उसे यकीन दिलाने का प्रयास किया लेकिन पति के शक को वह दूर न कर सकी.

इस वजह से पति और पत्नी के बीच रोजाना झगड़े शुरू हो गए. आरोप है कि पति द्वारा इस मामले को लेकर पत्नी का उत्पीड़न किया जाने लगा और इसके कारण उसने अपनी पत्नी को घर से निकाल दिया. पत्नी ने उत्पीड़न कीि शिकायत पुलिस में की तो मामला परिवार परामर्श केंद्र पर जा पहुंचा.
आज रविवार को दोनों की काउंसलिंग की गई तो काउंसलर के समझाने पर पति पत्नी को साथ ले जाने के लिए राजी हुआ. पति का कहना है कि वह अपना शक दूर करने के लिए बच्चे का जन्म होने के बाद उसका डीएनए टेस्ट कराएगा, जिससे कि पुष्टि हो जाए कि बच्चा उसका है या नहीं. पति की इस शर्त पर पत्नी ने भी शर्त रख दी. पत्नी का कहना है कि बच्चे का डीएनए कराने के लिए तैयार है लेकिन अगर बच्चा पति का ही निकला तो पति उसे क्या देगा. इस पर पति ने उसे गलत साबित होने पर दो लाख रुपये देने का वादा किया.