आगरालीक्स…आगरा में आज बूंदाबांदी देख खिले चेहरे. जिसको भीगना था वो बूंदाबांदी में भी भीगा, जिसको बचना था वह बूंदाबांदी खत्म होने का इंतजार करता रहा..एक ही दिन में तापमान में भारी गिरावट…जानिए आज का तापमान और आने वाले दिनों का हाल…
आगरा में आज सुबह से ही मौसम सुहाना बना हुआ था. यूं तो बुधवार को भी बादल छाए थे लेकिन हवाएं यहां के बादलों को अपने साथ ले उड़ीं, लेकिन आज सुबह से ही बादलों का डेरा आसमान में लगा रहा. हवाएं भी साथ में चल रही थीं. उम्मीद दिखी थी कि जोरदार बारिश होगी लेकिन बूंदाबांदी ही हुई. लेकिन ये बूंदाबांदी भी करीब एक घंटे तक हुई जिसको देखकर लोगों के चेहरे खिल उठे. खिलें भी क्यूं न, इतने दिनों से तपती और दहकते मौसम का सामना कर रहे थे. आज गर्मी से राहत मिली और बूंदाबांदी हुई तो मन प्रसन्न हो गया. बूंदाबांदी होने के कारण अधिकतर लोग इसी में भीगने का आनंद उठाते हुए नजर आए. वहीं बहुत से लोग अपने मोबाइल और अन्य जरूरी सामानों की फिक्र करते हुए बूंदाबांदी के बंद होने का इंतजार कर चुपचाप खड़े रहे.

हवाएं चलने और बूंदाबांदी होने से आगरा का मौसम सुहाना हो गया. इसका असर तापमान पर भी पड़ा. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा और ये सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गर्मी से कुछ हद तक अब राहत मिलती रहेगी. कभी मौसम साफ रहेगा तो कभी बादल छाने और बारिश होने की संभावना बनेगी. इसका असर तापमान पर भी पड़ेगा. आने वाले सप्ताह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है.