आगरालीक्स…तीन बच्चों के पिता को हुआ तीन बच्चों की मां से प्यार. प्रेमिका के साथ जा रहा था घर छोड़कर, लोगों ने पकड़ा. रात को फंदे पर लटका मिला शव
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में एक युवक का शव कमरे के अंदर फंदे पर लटका मिला. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन इस मामले में प्रेम कहानी भी सामने आई है. जिसमें मृतक युवक के गांव की एक महिला से प्रेम संबंध थे और दोनों ही शादीशुदा थे. मृतक के परिजनों ने महिला के परिजनों पर पिटाई करने का आरोप भी लगाया है.

ये है मामला
मामला थाना एका क्षेत्र का है. यहां के गांव बहलूपुर का हरने वाला 30 वर्षीय रिंकू ट्रक ड्राइवर था. 17 दिसंबर को उसके पिता की मौत हो गई थी जिसके कारण रिंकू इस समय गांव में ही था. युवक रिंकू शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे थे. रिंकू के गांव की ही रहने वाली एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध थे जिसके भी तीन बच्चे थे. शुक्रवार को रिंकू अपनी प्रेमिका महिला को साथ लेकर भागकर जा रहा था लेकिन शिकोहाबाद में महिला के परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया. दोनों को गांव लाया गया.
गांव में इस मामले को लेकर पंचायत की गई जिसके बाद मामला शांत हो गया लेकिन बीती रात युवक रिंकू का शव फंदे पर लटका मिला. परिजनों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. मृतक रिंकू के परिजनों ने महिला के परिजनों पर रिंकू की पिटाई करने का आरोप लगाया है. इसके अलावा ये भी जानकारी मिली है कि पंचायत के बाद रिंकू का अपनी पत्नी के साथ विवाद भी हुआ था.