आगरालीक्स…अलग—अलग हैं कारण मगर अमृत की तरह पी रहे हैं लोग, संतरा—मौसमी—अनार सबको शिकस्त देकर ये बना सर्दियों का ‘सुपरजूस’
आगरा में सर्दियों का मौसम आते ही लोगों के खान—पान में बदलाव भी साफ दिखने लगा है। आगरा के बाजारों में इन दिनों लाल जूस धड़ल्ले से बिक रहा है। गर्मियों के मौसम में जहां संतरा, मौसमी और अनार के जूस को ठंडा मानते हुए इसकी डिमांड ज्यादा होती है वहीं सर्दियों में लोग सब्जियों के जूस को ही सुपरजूस मान रहे हैं। सातवें आसमान पर लाल जूस की सेलशहर भर में जूस की दुकानों पर इन दिनों मिक्स वेज जूस की सेल सातवें आसमान पर है। संतरा, मौसमी और अनार से किनारा कर लोग गाजर, चुकंदर और आंवला वाला लाल जूस पी रहे हैं। हालांकि इसके पीछे सबके अपने—अपने कारण भी हैं। किसी का कहना है कि सर्दियों में गाजर और चुकंदर का जूस खून की कमी दूर करता है तो कोई इम्यूनिटी बढ़ाने की बात कहता आ रहा है। एक जूस स्टॉल पर बल्केश्वर निवासी शुभम कहते हैं कि वे सर्दियों में प्रति दिन यह जूस पीते हैं क्योंकि त्वचा को निखारने और शरीर को डिटॉक्स करने में यह बहुत फायदेमंद है। बल्केश्वर के ही तुषार का कहना है कि यह विटामिन A, C, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो शरीर को ऊर्जावान बनाता है। कमला नगर के जतिन भी एक जूस की दुकान पर आज कल कर दिन यह जूस पी रहे हैं। उनका मानना है कि यह सर्दी-खांसी जैसी मौसमी बीमारियों से बचाता है।
मौसम के हिसाब से चलना पसंद
बल्केश्वर में ही हरी जूस सेंटर के स्वामी बबलू ने बताया कि उनके पास इन दिनों 80 फीसद तक ग्राहक इसी लाल जूस के हैं। इस जूस को गाजर, चुकंदर, आंवला के अलावा, करेला, घिया, अदरक, टमाटर, सेब, धनिया, हल्की आदि के मिश्रण से बनाया जाता है और यह जूस बाजार में 30 से 50 रूपये गिलास तक की कीमत में उपलब्ध है। वहीं संजय प्लेस में एक जूस विक्रेता ने कहा कि पिछले लगभग एक महीने से इसी जूस की डिमांड ज्यादा है। बाकी फलों का जूस तो न के बराबर ही बिक रहा है जबकि गर्मियों में संतरा, अनार और मौसमी का जूस ही सबसे ज्यादा बिकता है। खंदारी स्थित एक जूस विक्रेता ने बताया कि यह मौसम नई और ताजा सब्ज्यिों का है। इसलिए लोग इस जूस की तरफ आकर्षित होते हैं। सेहत के प्रति जागरूक लोग मौसम के हिसाब से चलना पसंद करते हैं।
कोई बोला हीमोग्लोबिन से भरपूर तो किसी ने कहा इम्युनिटी बढ़ाए
कई दुकानदारों ने यह भी कहा कि बहुत से लोग जो जूस पीने आते हैं उनकी बातों से ही बहुत से जानकारी मिलती है। जैसे कई लोग कहते हैं कि इससे हीमोग्लोबिन बढ़ता है। कई विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर बताते हैं, कई कहते हैं कि इससे इम्युनिटी बढ़ती है तो कई सर्दी-जुकाम से बचाने, त्वाचा में निखार, शरीर की गंदगी को बाहर करने और आंखों के लिए फायदेमंद होने जैसी बातें भी कहते नजर आते हैं।
घर में भी बना सकते हैं
बहरहाल जानकारों की मानें तो आप इसे घर में भी बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले एक गाजर और एक चुकंदर को धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें। अदरक का छोटा टुकड़ा भी ले सकते हैं। चाहें तो और सब्जियां जैसे पालक, आंवला, धनिया, घिया आदि भी मिला सकते हैं। इन सभी को जूसर में डालकर रस निकाल लें। इसमें थोड़ा नींबू का रस मिलाकर पी सकते हैं। सुबह खाली पेट पीना सबसे ज़्यादा फायदेमंद माना जाता है। हालांकि कुछ सावधानियों की भी सलाह दी जाती है। जैसे एसिडिटी या पेट में जलन की समस्या है, तो सावधानी से पिएं, क्योंकि यह ब्लोटिंग बढ़ा सकता है। दूसरा इसमें साफ—सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।